
Delhi High Court: दिल्ली उच्च न्यायिक सेवा में प्रशासनिक फेरबदल करते हुए सोमवार को कुल 28 जजों के तबादले कर दिए गए हैं। दिल्ली हाईकोर्ट की तरफ से इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है, जिसमें तमाम जजों की नई पोस्टिंग की जानकारी दी गई है। इस बड़े बदलाव के बाद अब कई अहम और चर्चित मामलों की सुनवाई करने वाले जज भी नई जगहों पर काम संभालेंगे, जिससे अदालती कामकाज में नए सिरे से सुगबुगाहट शुरू हो गई है।

वाड्रा केस देखने वाले जज का भी हुआ ट्रांसफर, शिवाली बंसल को मिली नई जिम्मेदारी
इस फेरबदल में सबसे बड़ा नाम स्पेशल सीबीआई जज सुशांत चांगोत्रा का है, जिनका तबादला करके उन्हें द्वारका स्थित दक्षिण-पश्चिम जिले की अदालत में भेज दिया गया है। आपको बता दें कि वह हरियाणा के शिकोहपुर में कारोबारी रॉबर्ट वाद्रा से जुड़े भूमि सौदे और मनी लॉन्ड्रिंग जैसे संवेदनशील मामलों की सुनवाई कर रहे थे। उनकी जगह अब दक्षिण-पश्चिम जिले में तैनात अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश शिवाली बंसल को नया सीबीआई स्पेशल जज नियुक्त किया गया है।

राउज एवेन्यू कोर्ट में भी कई बदलाव, एक विशेष अदालत को किया गया बंद
चर्चित राउज एवेन्यू कोर्ट से जिन दूसरे जजों का ट्रांसफर किया गया है, उनमें विशेष जज धीरज मोर, छवि कपूर और मनीषा खुराना कक्कड़ शामिल हैं। अब राउज एवेन्यू की विशेष अदालतों की कमान दिव्यांग ठाकुर और सत्यव्रत पंडा संभालेंगे। इसके अलावा, दिल्ली न्यायिक अकादमी के निदेशक मोहम्मद फर्रुख को रोहिणी में कमर्शियल कोर्ट का जिला जज बना दिया गया है। हाईकोर्ट के आदेश के मुताबिक, राउज एवेन्यू कोर्ट परिसर में चल रही गौरव राव की अध्यक्षता वाली विशेष जज (पीसी एक्ट) (सीबीआई)-01 अदालत को पूरी तरह से समाप्त कर दिया गया है। इस अदालत में जो भी मामले पेंडिंग हैं, उन्हें कोयला ब्लॉक मामलों को देखने वाली अदालतों और जज अजय गुप्ता की कोर्ट को छोड़कर बाकी सीबीआई अदालतों में आपस में बराबर बांट दिया जाएगा।


