
Hatia News: रांची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अपर हटिया में 20 वर्षीय युवक हर्ष कुमार साहू ने अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही जगन्नाथपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर कब्जे में लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) भेज दिया है।

देर रात 2:30 बजे तक दोस्त के साथ कर रहा था काम
मृतक के पिता दिनेश कुमार साहू ने पुलिस को बताया कि 12वीं पास करने के बाद हर्ष लाइट डेकोरेशन का काम करता था। रविवार की रात वह अपने दोस्त अमन शाह के साथ गोदाम में लाइट डेकोरेशन से जुड़ा काम कर रहा था। दोनों ने देर रात करीब 2 से 2:30 बजे तक साथ में काम किया। इसके बाद अमन सोने के लिए दूसरे कमरे में चला गया, जबकि हर्ष अपने कमरे में चला गया।

खिड़की से देखने पर हुआ घटना का खुलासा
सोमवार की सुबह जब काफी देर तक हर्ष के कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो घर में रहने वाले किराएदार को शक हुआ। किराएदार ने खिड़की से कमरे के अंदर झांककर देखा, तो हर्ष रस्सी के सहारे फंदे से लटका हुआ था। यह देखते ही घर में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग जमा हो गए। परिजनों ने तुरंत इसकी जानकारी जगन्नाथपुर थाना पुलिस को दी।
यूडी केस दर्ज, दोस्त और परिजनों से पूछताछ जारी
मौके पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की और मृतक के पिता के लिखित बयान के आधार पर अस्वाभाविक मौत (यूडी) का मामला दर्ज किया। फिलहाल युवक द्वारा उठाए गए इस आत्मघाती कदम के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मृतक के परिजनों और उसके दोस्त अमन शाह से पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और शुरुआती जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


