
पटना: बिहार की सियासत में मोकामा विधायक अनंत सिंह और उनके परिवार की मुश्किलें लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। जनता दल यूनाइटेड (JDU) से छह साल के लिए निष्कासित किए जाने के बाद अब उनकी पत्नी नीलम देवी पर भी बड़ी कार्रवाई हुई है। नीलम देवी को 20 सूत्री समिति के सदस्य पद से हटा दिया गया है। इसके साथ ही उन्हें प्राप्त राज्यमंत्री का दर्जा भी समाप्त हो गया है।
जेडीयू की अनुशंसा पर हुई इस कार्रवाई को अनंत सिंह और उनके परिवार के लिए एक और बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है।

MLC चुनाव में बगावत बनी कार्रवाई की वजह?
दरअसल, यह पूरा मामला बिहार विधान परिषद के पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव से जुड़ा है। जेडीयू ने इस सीट से अपने मौजूदा विधान पार्षद नीरज कुमार को उम्मीदवार बनाया था।
आरोप है कि मोकामा विधायक अनंत सिंह ने पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी नीरज कुमार के खिलाफ प्रचार किया और जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार डॉ. अनुज सिंह का समर्थन किया। पार्टी नेतृत्व ने इसे अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधि माना।
इसी विवाद के बाद जेडीयू ने 24 अक्टूबर को अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी की प्राथमिक सदस्यता समाप्त करते हुए दोनों को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया था।
अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता पर भी नजर
अनंत सिंह की मुश्किलें केवल पार्टी से निष्कासन तक सीमित नहीं हैं। जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने बिहार विधानसभा अध्यक्ष से अनंत सिंह की सदस्यता रद्द करने की अनुशंसा भी की है।
पार्टी ने संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता पर अंतिम फैसला विधानसभा अध्यक्ष की ओर से निर्धारित संवैधानिक प्रक्रिया के तहत ही लिया जाएगा। नीलम देवी को 20 सूत्री समिति से हटाए जाने और राज्यमंत्री का दर्जा समाप्त होने के बाद बिहार की राजनीति में इस घटनाक्रम को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।


