
पटना: बिहार में काम में लापरवाही और वित्तीय अनियमितता के मामलों को लेकर राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। विभाग ने छह तत्कालीन अंचल अधिकारियों (CO) के खिलाफ कार्रवाई का आदेश जारी किया है। 26 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के तहत एक अधिकारी के खिलाफ FIR दर्ज कराने का निर्देश दिया गया है, जबकि कई अधिकारियों की वेतनवृद्धि रोकने और कुछ के खिलाफ विभागीय आरोप पत्र गठित करने का आदेश दिया गया है।
कार्रवाई की जद में किशनगंज, रोहतास, कटिहार और गोपालगंज में तैनात रहे अधिकारी आए हैं। आरोपों में जाति प्रमाण-पत्र जारी करने में गड़बड़ी, बिना कार्यादेश भुगतान, दाखिल-खारिज में अनियमितता और सरकारी जमीन से अतिक्रमण नहीं हटाने जैसे मामले शामिल हैं।

किन 6 तत्कालीन CO पर हुई कार्रवाई?
1. ओम प्रकाश भगत, तत्कालीन CO, ठाकुरगंज (किशनगंज)
ओम प्रकाश भगत पर नियमों की अनदेखी कर अपात्र व्यक्ति को पिछड़ा वर्ग का जाति प्रमाण-पत्र जारी करने का आरोप है। विभाग ने उनकी दो वेतनवृद्धि संचयी प्रभाव से रोकने का आदेश दिया है। साथ ही उनके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कराने का निर्देश दिया गया है।
इस मामले में संबंधित राजस्व अधिकारी और राजस्व कर्मचारी के खिलाफ भी FIR दर्ज कराने तथा आरोप पत्र गठित करने का आदेश दिया गया है।
2. निश्चल प्रेम, तत्कालीन CO, किशनगंज
निश्चल प्रेम पर बिना कार्यादेश के अग्रिम भुगतान करने और वित्तीय अनियमितता का आरोप है। विभाग ने उनके खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया है।
3. जितेंद्र कुमार सिंह, तत्कालीन CO, अकोढ़ीगोला (रोहतास)
जितेंद्र कुमार सिंह पर दाखिल-खारिज की प्रक्रिया में अनियमितता का आरोप लगाया गया है। विभाग के अनुसार, उन्होंने आपत्ति दर्ज कराने की निर्धारित तारीख से पहले ही मामले का निपटारा कर दिया था।
इसके अलावा संयुक्त जमाबंदी के सभी हिस्सेदारों को सूचना दिए बिना दाखिल-खारिज मंजूर करने का भी आरोप है। विभाग ने उनकी तीन वेतनवृद्धि असंचयी प्रभाव से रोकने का आदेश दिया है।
4. ललन कुमार मंडल, तत्कालीन CO, बरारी (कटिहार)
ललन कुमार मंडल पर सरकारी जमीन से अतिक्रमण नहीं हटाने और सरकारी आदेश संख्या 660/2023 का समय पर पालन नहीं करने का आरोप है। विभाग ने उनके खिलाफ आरोप पत्र गठित करने का निर्देश दिया है।
5. महेश प्रसाद सिंह, तत्कालीन CO, मनसाही (कटिहार)
महेश प्रसाद सिंह पर भूमि सुधार उपसमाहर्ता (DCLR) के आदेश के विपरीत दाखिल-खारिज और खतियान में लंबित नामांतरण के मामले को मंजूरी देने का आरोप है। विभाग ने उनके खिलाफ भी आरोप पत्र गठित करने का आदेश दिया है।
6. राज नारायण राजा, तत्कालीन CO, हथुआ (गोपालगंज)
राज नारायण राजा पर दाखिल-खारिज के चार मामलों को एक साल से अधिक समय तक लंबित रखने का आरोप है। विभाग के अनुसार, कई बार याद दिलाने के बावजूद उन्होंने स्पष्टीकरण का जवाब नहीं दिया। इसके बाद विभाग ने उनकी दो वेतनवृद्धि असंचयी प्रभाव से रोकने का आदेश जारी किया है।
लापरवाही और वित्तीय अनियमितता पर विभाग सख्त
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि सरकारी कामकाज में लापरवाही और नियमों की अनदेखी को लेकर विभाग सख्त रुख अपना रहा है।
अधिकारियों पर लगे आरोपों की प्रकृति के अनुसार अलग-अलग कार्रवाई की गई है। इसमें वेतनवृद्धि पर रोक, अनुशासनिक कार्रवाई, आरोप पत्र गठित करने और FIR दर्ज कराने जैसे निर्देश शामिल हैं। विभागीय कार्रवाई के बाद संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।


