
Gumla: गुमला जिले के कामडारा प्रखंड अंतर्गत सरिता पंचायत के बुरुहातु गांव में जंगली हाथियों के उत्पात से एक ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई। बीती देर रात बुरुहातु गांव के सुकरा टांड़ के पास हाथियों का झुंड विचरण कर रहा था। इसी दौरान बुरुहातु गांव निवासी 40 वर्षीय युवक निकोलस तोपनो हाथियों की चपेट में आ गया। हाथी ने उसे कुचलकर मार डाला, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से पूरे गांव और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है।
10 दिनों से 24 हाथियों का झुंड इलाके में जमाए है डेरा
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, पिछले 10 दिनों से करीब 24 जंगली हाथियों का झुंड बुरुहातु गांव के आसपास के जंगलों और खेतों में लगातार डेरा जमाए हुए है। हाथियों के इस झुंड में 5 बच्चे भी शामिल हैं। हाथियों की लगातार मौजूदगी के कारण ग्रामीण खौफ में हैं और शाम ढलते ही अपने घरों में कैद होने को मजबूर हैं।

वनपाल ने लिया जायजा, ग्रामीणों से सतर्कता बरतने की अपील
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के वनपाल शेखर सिंह टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर ग्रामीणों से बातचीत की और उन्हें सतर्कता बरतने की अपील की। वनपाल ने ग्रामीणों से कहा कि वे हाथियों के आसपास जाने, उन्हें छेड़ने या उनके रास्ते में आने से बचें। साथ ही हाथियों की किसी भी गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत वन विभाग को सूचित करने का निर्देश दिया गया है।


