
Manoharpur News : रात करीब साढ़े नौ बजे का वक्त था। सिमेरिता गांव में बर्तन फेरी का काम करने वाले सुरोजित दास अपने दो साथियों के साथ खाना बनाने की तैयारी कर रहे थे। तभी हथियारों से लैस दो युवक घर में घुस आए। पिस्टल दिखाकर डराया और देखते ही देखते करीब 20 से 25 हजार रुपये लेकर भागने लगे।

लेकिन कहानी यहां खत्म नहीं हुई, बल्कि भागते वक्त हुई एक छोटी सी घटना ने पुलिस को पूरे मामले की कड़ी पकड़ने का मौका दे दिया।

शोर मचाया तो बदमाश ने चला दी गोली
लूट के बाद जब दोनों भागने लगे तो घर में मौजूद लोगों ने शोर मचाते हुए उन्हें पकड़ने की कोशिश की। इसी दौरान एक बदमाश ने गोली चला दी। गोली सुरोजित दास के पेट को छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गए।
भागने की जल्दबाजी में एक बदमाश खुद ही गिर पड़ा और उसके पैर में गंभीर चोट लग गई। चोट इतनी ज्यादा थी कि वह आगे भाग नहीं सका। स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। यही गिरफ्तारी आगे पूरे मामले की सबसे अहम कड़ी बनी।
एक पकड़ा गया तो दूसरे का नाम सामने आया
पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए युवक की पहचान मनोहरपुर के धानापाली निवासी जशवंत महतो उर्फ छोटू (25) के रूप में हुई। पूछताछ में उसने अपने साथी अजय गोप उर्फ कालू (19) का नाम बताया।
इसके बाद पुलिस ने तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर अजय गोप को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि दोनों ने वारदात से पहले बर्तन फेरी करने वाले लोगों के घर की रेकी की थी और घटना वाले दिन शराब पीने के बाद लूट को अंजाम दिया।
अंधेरे में फेंक दिया था हथियार
पूछताछ के दौरान जशवंत ने पुलिस को बताया कि भागने के दौरान उसने हथियार अंधेरे में कहीं फेंक दिया था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने तलाशी ली और 7.65 एमएम की पिस्टल, मैगजीन, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया।
लूटी गई रकम के बारे में पूछताछ में दोनों ने पुलिस को बताया कि पकड़े जाने के डर से उन्होंने रुपये भी अंधेरे में कहीं फेंक दिए थे। फिलहाल पुलिस लूट की रकम बरामद करने की कोशिश कर रही है।
दो गिरफ्तार, जांच अभी जारी
मामले में मनोहरपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई कर रही है। पुलिस के अनुसार, जशवंत महतो के खिलाफ सिमडेगा जिले के जलडेगा थाना में भी एक मामला दर्ज है।
मामले की जांच और गिरफ्तारी के लिए गठित टीम में एसडीपीओ डेविड ए डोडराय, पुलिस निरीक्षक अमित रोशन कुल्लू, मनोहरपुर थाना प्रभारी पुअनि अन्मीएल एक्का, पुअनि सुधीर कुमार, सअनि नवकिशोर कुदादा समेत पुलिसकर्मी शामिल थे।


