
Ranchi: दिवाली, काली पूजा और लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर रांची नगर निगम पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। शहर के सभी 72 छठ घाटों को चकाचक करने के लिए एक मेगा क्लीनिंग ड्राइव शुरू की जा रही है। नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधियों के साथ अहम बैठक कर सारे काम समय पर पूरे करने के सख्त निर्देश दे दिए हैं। इस बार घाटों पर सिर्फ साफ-सफाई ही नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, पीने का साफ पानी, चकाचौंध रोशनी, बैरिकेडिंग और छठ व्रतियों के लिए ऊपर से कवर्ड डबल लेयर वाले चेंजिंग रूम तैयार किए जा रहे हैं, ताकि पूजा के दौरान व्रतियों को किसी भी तरह की असुविधा न झेलनी पड़े।
घाटों पर कड़े नियम
पर्व की शुचिता और पवित्रता बनाए रखने के लिए नगर निगम ने कई कड़े फैसले लिए हैं। खरना के दिन से लेकर छठ महापर्व के समापन तक शहर में मीट-मछली की तमाम दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगी। इसके अलावा हर साल घाटों की सीढ़ियों पर पेंट या चूने से नाम और मोबाइल नंबर लिखकर कब्जा जमाने वालों पर इस बार सीधा कानूनी डंडा चलेगा। जलाशयों में गिरने वाले गंदे नालों का रुख मोड़ा जा रहा है और पानी को साफ रखने के लिए ब्लीचिंग पाउडर व फिटकरी का इस्तेमाल किया जाएगा। साथ ही काली पूजा के विसर्जन के 24 घंटे के भीतर पूजा अवशेष और कचरा हटाकर घाटों को तुरंत सैनिटाइज करने का आदेश दिया गया है।

हेल्पलाइन नंबर हुआ जारी
श्रद्धालुओं की सहूलियत और शिकायतों के तुरंत निपटारे के लिए नगर निगम का कंट्रोल रूम 24 घंटे एक्टिव रहेगा। आम नागरिक सफाई, पेयजल या खराब स्ट्रीट लाइट से जुड़ी समस्याओं के लिए सीधे टोल फ्री नंबर 18005701235 पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा घाटों तक जाने वाले रास्तों पर स्टोन डस्ट डालकर उन्हें दुरुस्त किया जा रहा है, खुले नालों को कंक्रीट स्लैब से ढका जा रहा है और हादसों से बचने के लिए सूखे व झुके पेड़ों की डालियों को तेजी से छांटा जा रहा है, ताकि पूरा पर्व बिना किसी रुकावट के सुरक्षित और भव्य तरीके से संपन्न हो सके।


