
Ranchi News: चक्रवात ‘अर्नब’ के असर से रांची में 28 और 29 अक्टूबर को भारी बारिश और तेज हवाओं की आशंका को देखते हुए नगर निगम ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। मौसम विभाग की ओर से जारी ऑरेंज अलर्ट के मद्देनजर शहर के सभी 53 वार्डों में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आठ क्विक रिस्पांस टीमें तैनात करने का फैसला लिया गया है। ये टीमें चार जोन में काम करेंगी और जलजमाव, नालों में पानी बढ़ने या पेड़ गिरने जैसी घटनाओं पर तुरंत कार्रवाई करेंगी। इसके अलावा नगर निगम का कंट्रोल रूम अगले तीन दिनों तक 24 घंटे सक्रिय रहेगा, ताकि जरूरत पड़ने पर लोग सीधे मदद मांग सकें।
मंगलवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में हुई बैठक में चक्रवात से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की गई। इस दौरान स्वच्छता, ट्रांसपोर्ट और हॉर्टिकल्चर शाखा को अगले तीन दिनों तक चौबीसों घंटे अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया। नगर निगम ने साफ किया है कि मौसम खराब होने के दौरान शहर में जलजमाव और पेड़ गिरने जैसी समस्याओं पर विशेष नजर रखी जाएगी, ताकि लोगों को कम से कम परेशानी हो।

चार जोन में तैनात रहेंगी 8 टीमें, जलजमाव पर रहेगी नजर
नगर निगम ने रांची के सभी 53 वार्डों को चार जोन में बांटकर आठ क्विक रिस्पांस टीमों की तैनाती की व्यवस्था की है। इन टीमों को किसी भी आपात स्थिति में तत्काल मौके पर पहुंचने और जरूरी कार्रवाई करने के लिए तैयार रखा जाएगा।
खासकर शहर के उन इलाकों पर नजर रहेगी, जहां बारिश के दौरान अक्सर पानी भर जाता है। इसके अलावा बड़े नालों, नदियों और सड़क किनारे झुके हुए पेड़ों की भी निगरानी की जाएगी। तेज हवा के कारण पेड़ों के गिरने या नालियों के जाम होने से लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित विभागों को पहले से तैयार रहने का निर्देश दिया गया है।
नगर निगम ने जेसीबी, सुपर सकर मशीन, स्किड लोडर और मोटर पंप जैसे जरूरी उपकरण भी तैयार रखने को कहा है। बारिश के कारण किसी इलाके में पानी भरने या रास्ता बंद होने की स्थिति में इन मशीनों की मदद से समस्या दूर करने का प्रयास किया जाएगा।
**चक्रवात ‘अर्नब’ को लेकर रांची नगर निगम अलर्ट**
मौसम विभाग द्वारा 28 एवं 29 अक्टूबर को रांची में ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के मद्देनजर आज नगर आयुक्त श्री सुशांत गौरव की अध्यक्षता में बैठक कर आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की गई
(1/4) https://t.co/inTgYZYT6Z— Ranchi Municipal Corporation (@rmccommissioner) October 27, 2026
24 घंटे खुलेगा कंट्रोल रूम, इस नंबर पर करें शिकायत
चक्रवात के दौरान रांची नगर निगम का कंट्रोल रूम चौबीसों घंटे सक्रिय रहेगा। शहर के किसी भी इलाके में जलजमाव, पेड़ गिरने या नगर निगम से जुड़ी आपात समस्या होने पर लोग हेल्पलाइन नंबर 18005701235 पर सूचना दे सकते हैं।
नगर निगम ने लोगों से अपील की है कि 28 और 29 अक्टूबर को मौसम खराब रहने की स्थिति में बेवजह घर से बाहर निकलने से बचें। खासकर जलजमाव वाले रास्तों, नदियों, बड़े नालों और कमजोर या झुके हुए पेड़ों के आसपास जाने से परहेज करें।
नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने संबंधित शाखाओं को सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर तुरंत कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। नगर निगम ने नागरिकों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने और किसी भी आपात स्थिति में कंट्रोल रूम को जानकारी देने की अपील की है।


