
Bokaro: बोकारो के चर्चित शंकर रवानी हत्याकांड में हरला थाना पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने इस हत्याकांड में रेकी करने के आरोपी और लंबे समय से फरार चल रहे नागेश्वर सिंह को मंगलवार को बोकारो जनरल अस्पताल यानी BGH परिसर से गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया आरोपी हरला थाना क्षेत्र के महुआर चैताटांड़ का रहने वाला है। पुलिस काफी समय से उसकी लोकेशन ट्रैक कर रही थी और जैसे ही उसके अस्पताल परिसर में मौजूद होने का पुख्ता इनपुट मिला, टीम ने तुरंत घेराबंदी कर उसे धर दबोचा।
पुराना क्रिमिनल रिकॉर्ड
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी नागेश्वर सिंह के खिलाफ हरला थाना कांड संख्या 78/2024 में BNS की विभिन्न गंभीर धाराओं और Arms Act के तहत केस दर्ज है। मामले में लगातार फरार रहने की वजह से बोकारो कोर्ट द्वारा उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट भी जारी किया जा चुका था। जांच अधिकारियों ने बताया कि नागेश्वर का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और साल 2023 में भी उसके खिलाफ हरला थाने में दो अलग-अलग आपराधिक मामले दर्ज किए गए थे।

मुख्य शूटर की तलाश
थाना प्रभारी खुर्शीद आलम की अगुवाई में गठित पुलिस टीम ने इस पूरी रेड को अंजाम देकर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। हालांकि इस अहम गिरफ्तारी के बावजूद हत्याकांड का मुख्य शूटर शिपुल कुमार अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नागेश्वर से पूछताछ के आधार पर मर्डर मिस्ट्री और साजिश की कड़ियों को जोड़ा जा रहा है, वहीं फरार शूटर शिपुल की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी जा रही है।


