
Jamshedpur: लौहनगरी जमशेदपुर में पुलिसकर्मियों के दागी आचरण और गंभीर आपराधिक मामलों में संलिप्तता के लगातार सामने आ रहे मामलों ने महकमे की साख पर कड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। गम्हरिया थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म और गोलमुरी में आरक्षी पर दर्ज मामले की जांच अभी चल ही रही थी कि अब साकची PCR-17 में पदस्थापित ASI मुन्ना ठाकुर के खिलाफ महिला उत्पीड़न का एक नया मामला दर्ज हुआ है। एक सप्ताह के भीतर तीन पुलिसकर्मियों पर आपराधिक आरोप लगने से आम लोगों में गहरा आक्रोश है।
बिरसानगर थाने में प्राथमिकी दर्ज
बिहार के भोजपुर (आरा) जिले के संदेश थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता की शिकायत पर जमशेदपुर के बिरसानगर थाने में कांड संख्या 74/26 के तहत बीएनएस की सुसंगत धाराओं में केस दर्ज किया गया है। आरोपी मुन्ना ठाकुर पहले से शादीशुदा और बाल-बच्चों वाला है। वह पूर्व में बिरसानगर थाने में पदस्थापित था और करीब एक महीने पहले ही उसका तबादला साकची पीसीआर में हुआ था। इससे ठीक पहले साकची थाने के आरक्षी दुर्गाचरण तियू के खिलाफ भी गोलमुरी थाने में एक महिला से मारपीट और प्रताड़ना का केस दर्ज हो चुका है।

स्नैपचैट पर दोस्ती और धोखे से शादी
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार पति से अलग रह रही पीड़िता की पहचान करीब पांच वर्ष पूर्व स्नैपचैट के माध्यम से एएसआई मुन्ना ठाकुर से हुई थी। आरोप है कि मुन्ना ठाकुर ने पहली पत्नी के निधन का झूठा दावा करते हुए पीड़िता से शादी की इच्छा जताई। जुलाई 2023 में सावन मेला ड्यूटी के दौरान उसने पीड़िता को देवघर बुलाया और बाबा बैद्यनाथ मंदिर में शादी रचा ली। इसके बाद वह पीड़िता को जमशेदपुर लाकर बिरसानगर के एक होटल में ठहराया और फिर वापस आरा भेज दिया।
प्रताड़ना और धमकी का आरोप
महिला का आरोप है कि कुछ समय बाद जब मुन्ना ठाकुर ने बातचीत बंद कर दी, तब पड़ताल में उसके पहले से शादीशुदा होने का सच सामने आया। इस बात का विरोध करने पर आरोपी एएसआई ने गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। विवश होकर पीड़िता ने बिरसानगर थाने में न्याय की गुहार लगाई। पुलिस के वरीय अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए निष्पक्ष जांच शुरू कर दी है।


