
Ranchi: झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) की ओर से बुंडू स्थित अमानत अली इंटर कॉलेज में एक मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में अबू सईद अंसारी के नेतृत्व में सैकड़ों महिला और पुरुषों ने झामुमो की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक विकास मुंडा ने सभी नए कार्यकर्ताओं का माला पहनाकर पार्टी में औपचारिक स्वागत किया और उन्हें संगठन के सिद्धांतों के तहत कार्य करने का दिशा-निर्देश दिया।
‘विकास की राजनीति पर विश्वास’
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक विकास मुंडा ने कहा कि झामुमो हमेशा विकास की राजनीति पर यकीन रखती है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के कुशल नेतृत्व में झारखंड का सर्वांगीण विकास हो रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ उन सभी जरूरतमंद लोगों तक पहुंच रहा है, जो इसके वास्तविक हकदार हैं।



