
Bokaro: बोकारो के चिरा चास थाना क्षेत्र स्थित वसंत विहार कॉलोनी में चोरी की एक सनसनीखेज कोशिश का मामला सामने आया है। कॉलोनी के प्लॉट नंबर 782 स्थित एक मकान में रविवार देर रात कुछ संदिग्ध लोगों ने जबरन दाखिल होने का प्रयास किया, लेकिन किसी वजह से वे अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके। घर में घुसने की यह पूरी संदिग्ध गतिविधि बाउंड्री पर लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। इस मकान में बुजुर्ग रामानुज मिश्रा अपनी पत्नी के साथ रहते हैं। सोमवार सुबह जब दंपत्ति को इस घटना की जानकारी हुई, तो उनके रिश्तेदारों ने तुरंत स्थानीय पुलिस को पूरे मामले की लिखित सूचना दी।


कच्छा गिरोह की आशंका
फुटेज सामने आने के बाद से वसंत विहार कॉलोनी और आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों के बीच गहरा खौफ देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ समय पहले इस इलाके में कच्छा गिरोह के सक्रिय होने की चर्चा जोरों पर थी, और फुटेज में दिख रहे संदिग्धों का हुलिया भी उसी गिरोह से मिलता-जुलता लग रहा है। हालांकि फुटेज में नजर आ रहे लोग उसी गिरोह के सदस्य हैं या कोई अन्य स्थानीय चोर, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो पाई है, लेकिन कॉलोनी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।
जांच में जुटी पुलिस
शिकायत मिलते ही चिरा चास थाना पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे CCTV कैमरों के फुटेज को अपने कब्जे में लेकर तकनीकी जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर संदिग्धों के हुलिये और उनके मूवमेंट रूट को ट्रैक किया जा रहा है, ताकि जल्द से जल्द उनकी पहचान कर उन्हें पकड़ा जा सके। साथ ही इलाके में रात के समय गश्त बढ़ाने की बात भी कही जा रही है।


