
JEE Main 2027: जेईई मेन (JEE Main) 2027 सेशन-1 के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया जारी है। इस बीच नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने आवेदन प्रक्रिया को लेकर एक महत्वपूर्ण और राहत भरा अपडेट जारी किया है। नए नियम के तहत, यदि किसी अभ्यर्थी ने पहले आवेदन फॉर्म भर दिया है या परीक्षा शुल्क जमा कर दिया है और उसमें कोई गंभीर त्रुटि रह गई है, तो वह अब पूरी तरह से नया ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भर सकता है।
जारी होगा नया एप्लीकेशन नंबर, सब कुछ अपलोड करना होगा दोबारा
NTA के अनुसार, नया आवेदन करने पर अभ्यर्थी को एकदम नया एप्लीकेशन नंबर आवंटित किया जाएगा। नए फॉर्म में अभ्यर्थी को अपनी व्यक्तिगत जानकारी, शैक्षणिक विवरण, फोटो, हस्ताक्षर और सभी आवश्यक प्रमाण-पत्र नए सिरे से दोबारा अपलोड करने होंगे। पुराने आवेदन से कोई भी डेटा स्वतः नए फॉर्म में ट्रांसफर नहीं होगा।

कन्फर्मेशन पेज जनरेट होने पर ही मान्य होगा नया फॉर्म
एजेंसी की ओर से जारी आधिकारिक दिशा-निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि केवल वही आवेदन अंतिम और वैध माना जाएगा, जिसके लिए निर्धारित परीक्षा शुल्क का सफलतापूर्वक भुगतान कर दिया गया हो और उसका कन्फर्मेशन पेज (Confirmation Page) जनरेट हो चुका हो। यदि कोई अभ्यर्थी नया फॉर्म भरता है लेकिन उसकी फीस जमा नहीं करता या कन्फर्मेशन पेज नहीं निकलता, तो ऐसी स्थिति में उसका पहले वाला भरा गया आवेदन ही वैध माना जाएगा।
पुरानी फीस नहीं होगी वापस और न ही होगी एडजस्ट
NTA ने फीस को लेकर सख्त नियम स्पष्ट किए हैं। एजेंसी ने साफ कर दिया है कि पहले भरे गए आवेदन के लिए जमा की गई परीक्षा फीस किसी भी परिस्थिति में वापस (Refund) नहीं की जाएगी। इसके अलावा, पुराने फॉर्म की फीस को नए आवेदन शुल्क के साथ समायोजित (Adjust) भी नहीं किया जाएगा। दोबारा फॉर्म भरने वाले अभ्यर्थियों को नए सिरे से पूरा परीक्षा शुल्क चुकाना होगा।


