
Gumla: राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी शनिवार दोपहर गुमला पहुंचे, जहां उन्होंने निशा भगत को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और घटना के संबंध में बातचीत की। परिजनों से मिलने के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल खड़े किए।
धर्मांतरण और भू-माफिया के खिलाफ उठा रही थीं आवाज
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि निशा भगत इलाके में लगातार धर्मांतरण, भू-माफिया और भ्रष्टाचार जैसे गंभीर मुद्दों के खिलाफ मुखर होकर अपनी आवाज उठा रही थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके इस रुख से व्यवस्था और भ्रष्ट तंत्र से जुड़े लोग खुद को असहज महसूस कर रहे थे। जनहित और समाज के मुद्दों पर बेबाकी से बात रखने वाली एक नेत्री के साथ ऐसी स्थिति बनना बेहद चिंताजनक है।

CBI जांच और नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
उन्होंने कहा कि निशा भगत ने अपने सोशल मीडिया लाइव वीडियो में पिथोरिया थाना प्रभारी और अजय तिर्की समेत जिन-जिन लोगों के नाम लिए थे, पुलिस को बिना किसी देरी के उन सभी को तुरंत गिरफ्तार करना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से कराने की मांग की। सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि अगर प्रशासन से कानून-व्यवस्था और राज्य की स्थिति नहीं संभल रही है, तो सरकार को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दे देना चाहिए।


