
Chatra: चतरा शहर के किशुनपुर मोहल्ले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। लखन मिस्त्री के घर के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक में एक बोलेनो कार जोरदार तरीके से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार सवार किशुनपुर निवासी सरयू राणा के 28 वर्षीय बेटे बसंत राणा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उपेंद्र राणा और रामदेव राणा गंभीर रूप से घायल हो गए।

बधार की तरफ से आ रही थी कार
जानकारी के मुताबिक बसंत राणा बोलेनो कार से बधार की ओर से आ रहे थे। इसी दौरान कार अनियंत्रित हुई और सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर की आवाज सुनते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने में जुट गए।

हादसे में घायल उपेंद्र राणा और रामदेव राणा को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया। दोनों की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।


