
बेगूसराय। बिहार के बेगूसराय जिले में अपराधियों ने एक युवक की बेरहमी से हत्या कर उसके शव को पानी भरे गड्ढे में फेंक दिया। वीरपुर थाना क्षेत्र के शहूरी बहियार में शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं, युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान भगवानपुर थाना क्षेत्र के बनाहरा गांव निवासी राजेंद्र साहनी के पुत्र दशरथ साहनी के रूप में हुई है।
4 नवंबर से था लापता

परिजनों के अनुसार, दशरथ साहनी बचपन से ही अपनी बड़ी बहन के घर रहता था और कचरा की देखभाल करने का काम करता था। बीते 4 नवंबर को कोई व्यक्ति उसे घर से बुलाकर अपने साथ ले गया था। इसके बाद से वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसी बीच वीरपुर थाना क्षेत्र के शहूरी बहियार स्थित पानी भरे गड्ढे में उसका शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे।
शरीर पर मिले जख्म के निशान, हत्या की आशंका
परिजनों के मुताबिक, दशरथ के शरीर पर कई जगह जख्म के निशान मिले हैं। उन्होंने आशंका जताई है कि युवक की बेरहमी से हत्या करने के बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को पानी भरे गड्ढे में फेंक दिया गया। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है।
परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था दशरथ
परिजनों ने बताया कि दशरथ मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वह परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था। उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलने के बाद वीरपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। युवक की हत्या के पीछे की वजह और घटना में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
रिपोर्ट: बबलू, बेगूसराय।


