
भागलपुर: बिहार के भागलपुर से भारतीय जनता पार्टी की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा की शुरुआत हुई। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने लाजपत पार्क मैदान से पदयात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, बिहार सरकार के कई मंत्री और एनडीए घटक दलों के नेता मौजूद रहे।
पदयात्रा लाजपत पार्क मैदान से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए घंटाघर चौक पर समाप्त हुई। इससे पहले लाजपत पार्क मैदान में विशाल जनसभा का आयोजन किया गया, जहां भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा।

एसआईआर को लेकर विपक्ष पर हमला
जनसभा को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि विपक्ष के पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है और वह केवल एसआईआर को लेकर राजनीति कर रहा है। उन्होंने विपक्ष को चुनौती देते हुए कहा कि यदि एसआईआर के तहत किसी जायज मतदाता का नाम काटा गया है, तो विपक्ष सामने आकर उस मतदाता का नाम बताए।
नितिन नवीन ने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर को लेकर विपक्ष भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने विपक्ष से आरोपों को तथ्यों के साथ सामने रखने की बात कही।
राहुल गांधी पर भी साधा निशाना
दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्ष की ओर से आयोजित कार्यक्रम को लेकर भी नितिन नवीन ने निशाना साधा। उन्होंने इसे झूठ की राजनीति बताते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर हमला बोला।
नितिन नवीन ने कहा कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी दिल्ली में ‘झूठ की खेती’ कर रहे थे। भाजपा अध्यक्ष ने विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि जनता को भ्रमित करने की कोशिश की जा रही है।
पदयात्रा में शामिल हुए भाजपा और एनडीए के कार्यकर्ता
जनसभा के बाद भाजपा और एनडीए के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा में हिस्सा लिया। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी समर्थक और कार्यकर्ता मौजूद रहे। पदयात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरी और घंटाघर चौक पर समाप्त हुई।
कार्यक्रम के दौरान भागलपुर में राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं। भाजपा नेताओं ने पदयात्रा के जरिए विपक्ष के आरोपों का जवाब देने और अपने पक्ष को जनता तक पहुंचाने की कोशिश की।
(अतीश दीपंकर की रिपोर्ट)


