
आरा: भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के रामडीहरा गांव में दीपावली की रात पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान स्कॉर्पियो से लोगों को कुचलने की घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज आरा सदर अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।
मंदिर में गाना बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, दीपावली पूजा के दौरान गांव के कुछ लोग मंदिर के पास गाना बजा रहे थे। इसी बात को लेकर दूसरे पक्ष के लोगों ने विरोध किया। ग्रामीणों के मुताबिक, इस दौरान शराब पार्टी और हंगामे की भी बात सामने आई है। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों पर भी हमला किया गया। इसी दौरान एक युवक द्वारा तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से लोगों को कुचलने की बात सामने आई है।

इस घटना में कमलेश यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल दिनेश यादव ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना में कुल सात अन्य लोग घायल हुए हैं। सभी को आनन-फानन में आरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। दीपावली की खुशियां मातम में बदल गईं और इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
मृतक के बेटे ने पुराने विवाद को बताया वजह
मृतक दिनेश यादव के पुत्र अमित कुमार यादव ने आरोप लगाया कि गांव में पहले पुलिस ने शराब बरामद की थी। इस मामले में उनके परिवार पर शक किया जा रहा था। इसी विवाद को लेकर दूसरे पक्ष के लोगों ने पहले उनके चाचा की पिटाई की थी।
अमित के मुताबिक, जब उनके पिता दिनेश यादव बीच-बचाव करने पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई। बाद में जब परिवार के लोग सड़क पर पहुंचे, तब रितेश यादव और अन्य लोगों ने स्कॉर्पियो से उन्हें कुचल दिया। अमित ने बताया कि इस घटना में कमलेश यादव की मौके पर मौत हो गई, जबकि उनके पिता ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
नौ लोगों को स्कॉर्पियो से कुचलने का पुलिस का दावा
थानाध्यक्ष विपिन बिहारी ने बताया कि पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। इसके बाद स्कॉर्पियो से कुल नौ लोगों को कुचलने की घटना हुई। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस घटना के कारणों, मारपीट में शामिल लोगों और स्कॉर्पियो से कुचलने की पूरी परिस्थितियों की जांच कर रही है।


