
बिहार की राजधानी पटना में बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदाकत आश्रम स्थित प्रदेश कार्यालय में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल नोटिस लेकर पहुंची। नोटिस जारी किए जाने के बाद प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में हलचल देखने को मिली। बताया जा रहा है कि पुलिस के पहुंचने के दौरान कार्यालय में ताला लगा हुआ था और कांग्रेस के नेता मौजूद नहीं थे।
यह मामला बिहार कांग्रेस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल @INCBihar से जुड़े एक पुराने विवाद और उसकी जांच से संबंधित है।

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने अमित कुमार मंडल को जारी किया नोटिस
दिल्ली पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस, स्पेशल सेल की ओर से बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी से जुड़े अमित कुमार मंडल को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 94 के तहत नोटिस जारी किया गया है।
नोटिस एफआईआर संख्या 50/25 के अनुसंधान के सिलसिले में जारी किया गया है। पुलिस ने बिहार कांग्रेस के आधिकारिक X (पूर्व में ट्विटर) हैंडल से जुड़े मोबाइल नंबर और उसके इस्तेमाल से संबंधित जानकारी मांगी है।
मोबाइल नंबर और हैंडल संचालन की जानकारी मांगी
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने नोटिस के माध्यम से संबंधित मोबाइल नंबर के सिम कार्ड और इस्तेमाल किए गए मोबाइल हैंडसेट का विवरण मांगा है।
इसके अलावा, बिहार कांग्रेस के आधिकारिक X हैंडल का संचालन करने वाले व्यक्ति की जानकारी भी तलब की गई है।
पुलिस ने 1 जुलाई 2025 से 31 दिसंबर 2025 तक उक्त सोशल मीडिया हैंडल के संचालन के लिए अधिकृत व्यक्तियों की सूची उपलब्ध कराने को कहा है।
5 नवंबर को दिल्ली स्पेशल सेल कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश
नोटिस के अनुसार, अमित कुमार मंडल को 5 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे दिल्ली स्पेशल सेल के कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है।
पुलिस की ओर से मांगी गई जानकारी का संबंध बिहार कांग्रेस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल के संचालन और उससे जुड़े मोबाइल नंबर के इस्तेमाल से है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां से जुड़े AI वीडियो को लेकर विवाद
यह मामला सितंबर 2025 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां से संबंधित एक AI जनरेटेड वीडियो के सोशल मीडिया पर पोस्ट किए जाने से जुड़ा बताया जा रहा है।
वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को उनसे यह कहते हुए दिखाया गया था कि राजनीति में और कितना गिरोगे। इस वीडियो को लेकर उस समय राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया था।
बताया जा रहा है कि उक्त AI वीडियो को बिहार प्रदेश कांग्रेस के आधिकारिक X हैंडल से पोस्ट किया गया था। इसी पोस्ट से संबंधित मामले की जांच के सिलसिले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने अब नोटिस जारी किया है।
फिलहाल पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है। अमित कुमार मंडल को नोटिस के तहत निर्धारित तारीख और समय पर उपस्थित होकर मांगी गई जानकारी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।


