
पटना: बिहार में परिवहन विभाग के राजस्व संग्रहण में पिछड़ने वाले जिला परिवहन पदाधिकारियों (DTO) पर कार्रवाई की तैयारी है। परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने शुक्रवार को फुलवारी शरीफ स्थित बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के सभागार में सभी डीटीओ के साथ विभागीय कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान राजस्व संग्रहण में लक्ष्य से पीछे रहने पर 10 से अधिक डीटीओ के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया।
बताया गया कि मुंगेर, कैमूर, सारण, जहानाबाद, मधेपुरा, लखीसराय, नवादा, बक्सर, खगड़िया और सहरसा समेत कई जिलों में लक्ष्य के मुकाबले 40 प्रतिशत से भी कम राजस्व संग्रहण हुआ है। समीक्षा बैठक में मंत्री ने सभी डीटीओ को खुद क्षेत्र में उतरकर राजस्व वसूली में तेजी लाने का निर्देश दिया।

डीटीओ को फील्ड में उतरने का निर्देश, चेकपोस्ट पर बॉडीवॉर्न कैमरे
परिवहन मंत्री ने कहा कि सभी डीटीओ स्वयं क्षेत्र में जाकर राजस्व संग्रहण की स्थिति सुधारें। उन्होंने नवादा, कैमूर, गया और गोपालगंज समेत प्रमुख चेकपोस्टों पर तैनात प्रवर्तन अवर निरीक्षकों (ESI) को बॉडीवॉर्न कैमरा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। मंत्री ने पटना डीटीओ कार्यालय के बाहर बने नए सेल्फी प्वाइंट ‘आई लव पटना डीटीओ’ का उद्घाटन भी किया।
दिवाली-छठ में बसों की ओवरलोडिंग पर रहेगी नजर
आगामी दिवाली और छठ पर्व के दौरान यात्रियों की सुरक्षा को लेकर परिवहन मंत्री ने विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान चलने वाली बसों में ओवरलोडिंग नहीं होनी चाहिए और इस पर पैनी नजर रखी जाए।
मंत्री ने राज्य में जुगाड़ गाड़ियों पर पूरी तरह प्रतिबंध सुनिश्चित करने और बिना रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (आरसी) के चल रहे वाहनों के खिलाफ एक महीने तक विशेष अभियान चलाकर उन्हें जब्त करने का निर्देश भी दिया।
लंबित ड्राइविंग लाइसेंस आवेदनों का जल्द हो निपटारा
समीक्षा बैठक में लंबित ड्राइविंग लाइसेंस (DL) आवेदनों को जल्द निपटाने का निर्देश दिया गया। डीएल कार्ड की खराब गुणवत्ता से जुड़ी शिकायतों पर संबंधित एजेंसी को 15 दिनों के भीतर सुधार करने को कहा गया।
मंत्री ने निर्माणाधीन ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल, बस स्टैंड और सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों में तेजी लाने पर भी जोर दिया। हिट एंड रन मामलों में डीटीओ को संवेदनशीलता के साथ काम करने का निर्देश दिया गया, ताकि आम लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर और बिना परेशानी के मिल सके।
सड़क सुरक्षा और ब्लैक स्पॉट सुधारने पर जोर
परिवहन मंत्री ने सभी डीटीओ को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता अभियान चलाने और दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट को ठीक कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही वाहनों में स्पीड लिमिट डिवाइस की जांच और फिटनेस केंद्रों पर वाहनों की नियमित जांच सुनिश्चित करने को कहा गया।
मंत्री ने सड़क दुर्घटनाओं में कैशलेस इलाज के लिए प्रधानमंत्री राहत योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत के तहत पंजीकृत अस्पतालों में योजना की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाए।
इसके लिए जिला पदाधिकारियों और योजना के नोडल अधिकारियों के साथ समन्वय बनाने का निर्देश दिया गया। साथ ही थानों में भी जागरूकता फैलाने का सुझाव दिया गया, ताकि सड़क हादसों में घायलों को आयुष्मान-पंजीकृत अस्पतालों में भर्ती कराया जा सके। बैठक में परिवहन विभाग के सचिव राज कुमार, राज्य परिवहन आयुक्त आरिफ अहसन, अपर सचिव प्रवीण कुमार समेत विभाग के अन्य वरीय अधिकारी मौजूद रहे।


