
बिहार के नालंदा जिले के बिहारशरीफ में छोटी दीपावली की रात भीषण अग्निकांड की घटना सामने आई है। सोहसराय थाना क्षेत्र के मोगलकुआं स्थित देवी मंदिर के पीछे संजय किरण के पास मिश्रा टेंट हाउस के गोदाम में अचानक आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में टेंट हाउस में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। संचालक के मुताबिक, अग्निकांड में करीब 7 से 8 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
पटाखे की चिंगारी से आग लगने की आशंका
जानकारी के अनुसार, छोटी दीपावली की रात पूरा बिहारशरीफ रोशनी और उत्सव में डूबा हुआ था। इसी दौरान मिश्रा टेंट हाउस के गोदाम से अचानक आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। आग देखकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।स्थानीय लोगों ने अपने स्तर से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई। देखते ही देखते गोदाम में रखा सामान आग की चपेट में आ गया।

1000 फाइबर कुर्सियां और सोफा समेत लाखों का सामान जलकर राख
मिश्रा टेंट हाउस के संचालक गुड्डू मिश्रा ने बताया कि वह पिछले करीब 20 वर्षों से टेंट का कारोबार कर रहे हैं। इसी स्थान पर उनका गोदाम भी है, लेकिन इससे पहले कभी इस तरह की घटना नहीं हुई थी। उन्होंने बताया कि आग में करीब 1000 फाइबर कुर्सियां, 150 से 200 वीआईपी कुर्सियां, सोफा, 12 से 14 बड़े कूलर और गोदाम में रखा अन्य सामान पूरी तरह जलकर बर्बाद हो गया।
गुड्डू मिश्रा के अनुसार, इस अग्निकांड में लगभग 7 से 8 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। उन्होंने आशंका जताई कि दीपावली के दौरान पटाखे की चिंगारी से आग लगी हो सकती है। हालांकि, आग लगने का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है।
अग्निशमन विभाग पर देरी का आरोप, अधिकारियों ने किया खारिज
घटना को लेकर स्थानीय ग्रामीण निरंजन कुमार ने अग्निशमन विभाग पर मौके पर पहुंचने में करीब 30 से 40 मिनट की देरी का आरोप लगाया है। वहीं, अनुमंडल अग्निशामक पदाधिकारी कृष्ण मुरारी प्रसाद ने इन आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि अग्निशमन विभाग को जैसे ही घटना की सूचना मिली, टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हो गई। विभाग की ओर से किसी प्रकार की देरी नहीं की गई।
पटाखे की चिंगारी या कोई दूसरी वजह, जांच के बाद होगा खुलासा
छोटी दीपावली की रात हुए इस अग्निकांड ने टेंट हाउस संचालक को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचाया है। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि गोदाम में आग कैसे लगी? क्या पटाखे की चिंगारी से आग भड़की या इसके पीछे कोई दूसरी वजह थी?आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।


