
Bokaro: बोकारो जिले के पेंक नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत डुमरिया टांड जंगल में शनिवार को एक अज्ञात महिला और पुरुष का शव फंदे से लटकता मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। जंगल की तरफ गए स्थानीय ग्रामीणों ने जब पेड़ से दोनों शवों को लटके देखा, तो देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों द्वारा घटना की जानकारी दिए जाने के बाद पेंक नारायणपुर थाना प्रभारी मुकेश दयाल सिंह पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और पूरे घटनास्थल को कब्जे में लेकर प्राथमिक जांच शुरू की।
साड़ी के फंदे से लटके शव
शुरुआती पड़ताल के अनुसार दोनों के शव एक ही पीले रंग की साड़ी के दोनों छोर के पल्लू से बने फंदे पर लटके हुए पाए गए। मृतका ने लाल रंग का साया और गुलाबी रंग का ब्लाउज पहन रखा था, जबकि मृतक पुरुष काले रंग की चेकदार शर्ट और नीले रंग की जींस पहने हुए था। पुलिस टीम ने घटनास्थल की सघन जांच के दौरान पास से ही एक लावारिस मोबाइल फोन भी बरामद किया है, जिसे तकनीकी जांच और कॉल रिकॉर्ड्स खंगालने के लिए जब्त कर लिया गया है।

पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस ने दोनों शवों को नीचे उतारकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल तेनुघाट भेज दिया। फिलहाल दोनों मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस बरामद मोबाइल फोन के डेटा, कॉल डिटेल्स और आसपास के सभी थानों में हाल ही में दर्ज कराई गई गुमशुदगी की शिकायतों का मिलान कर शिनाख्त की कोशिश कर रही है।


