
Chas CO suspended: झारखंड सरकार ने भ्रष्टाचार और पद के दुरुपयोग की गंभीर शिकायतों पर कड़ा संज्ञान लेते हुए बोकारो जिले के चास अंचल अधिकारी (CO) सेवा राम साहू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। लगातार मिल रही अनियमितताओं की शिकायतों, वायरल ऑडियो क्लिप और कार्यालय में युवक के साथ मारपीट के मामले की प्राथमिक जांच के बाद राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग ने यह सख्त कार्रवाई की है।

निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त कार्यालय, रांची में निर्धारित किया गया है। विभाग ने उनके खिलाफ विस्तृत विभागीय जांच (Departmental Inquiry) शुरू करने का आदेश भी जारी कर दिया है, जिसके तहत उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।

वायरल ऑडियो और दफ्तर में युवक से मारपीट का मामला
विभागीय जांच में यह बात सामने आई कि अंचल अधिकारी सेवा राम साहू और JBVNL रांची के अनंत कुमार नामक व्यक्ति के बीच हुई बातचीत का एक ऑडियो क्लिप सामने आया था, जिसे विभाग ने प्रथम दृष्टया बेहद आपत्तिजनक और संदिग्ध माना। इसके अलावा कुछ ही दिन पहले चास अंचल कार्यालय परिसर में एक युवक को धक्का देने और उसके साथ बदसलूकी व मारपीट करने का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था, जिससे प्रशासनिक महकमे की छवि धूमिल हुई थी।
जमीन मामलों में एकतरफा फैसले और अवैध वसूली के आरोप
चास अंचल कार्यालय में बैठकर बिचौलियों के माध्यम से अवैध वसूली करने और दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) सहित जमीन से जुड़े विवादों में एकपक्षीय कार्रवाई करने की शिकायतें लगातार विभाग और वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंच रही थीं। कई रैयतों ने लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया था कि वैध कागजात होने के बावजूद काम लटकाया जाता था।
दागी कर्मियों में खलबली, आम जनता ने जताई खुशी
चास CO पर हुई इस त्वरित और सख्त कार्रवाई के बाद जिले के प्रशासनिक हलकों और अन्य अंचलों के दागी अधिकारियों व कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है। वहीं दूसरी ओर, रोजाना अपने काम के सिलसिले में अंचल कार्यालय के चक्कर काटने वाले आम लोगों और रैयतों ने इस फैसले का स्वागत किया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कार्यालय में बिना सुविधा शुल्क के फाइल आगे नहीं बढ़ती थी।


