
Godda: गोड्डा जिले के ललमटिया थाना क्षेत्र अंतर्गत डहुआ गांव में 10 वर्षीय बच्ची की धारदार हथियार से सिर काटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। बच्ची का धड़ घर के ठीक पीछे स्थित खेत से बरामद हुआ, जबकि सिर घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर दूसरे खेत में मिला। वारदात को अंजाम देने के बाद से अज्ञात आरोपी फरार है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में आक्रोश का माहौल बन गया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोड्डा सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया पूरी की।


आधी रात घर से गायब
मृतका के पिता तालवा और मुखिया प्रतिनिधि विनोद बेसरा के अनुसार, रात में परिवार के सभी सदस्य खाना खाकर सो रहे थे। देर रात दरवाजे की आहट सुनकर जब माता-पिता की नींद खुली, तो बच्ची बिस्तर पर नहीं थी। खोजबीन करने पर घर के दरवाजे के पास उसका कंबल पड़ा मिला, लेकिन बच्ची का कोई सुराग नहीं लगा। परिजनों ने बताया कि वारदात के दौरान घर की बिजली भी काट दी गई थी। इसके बाद परिजनों ने ग्रामीणों और स्थानीय मुखिया सोनी मुर्मू को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को मामले से अवगत कराया गया।

पुलिस की जांच और छापेमारी
सूचना मिलते ही महागामा SDPO वरुण रजक, मेहरमा इंस्पेक्टर उपेंद्र महतो, ललमटिया इंस्पेक्टर रूबी मिंज और थाना प्रभारी रौशन सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों ने रात में ही आसपास के इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसके बाद घर के पीछे खेत से धड़ और कुछ दूरी पर सिर बरामद हुआ। SDPO वरुण रजक के अनुसार, पुलिस टीम हर बिंदु पर बारीकी से जांच कर रही है और डॉग स्क्वायड व फॉरेंसिक साक्ष्यों की मदद ली जा रही है। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।


