
Bokaro: धनतेरस के पावन अवसर पर बोकारो जिले के ऑटोमोबाइल बाजार में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। पूरे जिले में वाहनों की जोरदार बिक्री हुई और कारोबार का आंकड़ा करीब 100 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। त्योहार के शुभ मुहूर्त पर नए वाहन घर ले जाने के लिए ग्राहकों में सुबह से ही भारी उत्साह नजर आया। विभिन्न कंपनियों के शोरूम में खरीदारों की लंबी कतारें लगी रहीं और लोगों ने पहले से कराई गई बुकिंग के साथ-साथ मौके पर भी जमकर वाहनों की खरीदारी की।
कारों की हिस्सेदारी रही सबसे ज्यादा
कुल हुए 100 करोड़ रुपये के कारोबार में सबसे बड़ा योगदान चार पहिया वाहनों का रहा। आंकड़ों के मुताबिक करीब 60 करोड़ रुपये का व्यापार केवल कारों की बिक्री से हुआ। विभिन्न सेगमेंट की गाड़ियों, खासकर एसयूवी और सेडान कारों की मांग सबसे अधिक दर्ज की गई। दोपहिया और अन्य वाणिज्यिक वाहनों के काउंटरों पर भी दिन भर ग्राहकों की गहमागहमी बनी रही, जिससे ऑटोमोबाइल डीलरों के चेहरे खिल उठे।

मारुति सुजुकी ने अकेले किया 25 करोड़ का व्यापार
कार बाजार में अग्रणी कंपनी मारुति सुजुकी का प्रदर्शन जिले में काफी शानदार रहा। कंपनी ने अकेले बोकारो जिले में धनतेरस के दिन लगभग 25 करोड़ रुपये का कारोबार दर्ज किया। एजेंसी के प्रतिनिधि केपी सिंह ने बताया कि त्योहारी सीजन को देखते हुए कुल 150 गाड़ियों की डिलीवरी का लक्ष्य तय किया गया है। इसमें से 50 नई गाड़ियों की चाबियां ग्राहकों को धनतेरस के दिन ही सौंपी गईं। उन्होंने कहा कि शुभ अवसर पर गाड़ी खरीदने को लेकर लोगों का उत्साह बेहद सकारात्मक रहा और आने वाले दिनों में भी यह रफ्तार जारी रहने की उम्मीद है।


