
Palamu: दीपावली के त्योहार को देखते हुए आम लोगों को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सोमवार को पलामू जिले के चैनपुर क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाया। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी लव कुमार गुप्ता के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई में प्रशिक्षु खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी संजीव कुमार उपाध्याय, ललिता कुमारी और अभय शंकर शामिल रहे। टीम ने इलाके की कई प्रमुख मिठाई दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया।
तीस किलोग्राम दूषित खाद्य सामग्री मौके पर कराई गई नष्ट
जांच के दौरान टीम ने मिठाइयों और अन्य खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता, साफ-सफाई, खाद्य लाइसेंस, भंडारण की स्थिति और निर्माण में इस्तेमाल की जा रही सामग्रियों की बारीकी से पड़ताल की। निरीक्षण में कई दुकानों पर अखाद्य रंगों के इस्तेमाल और तय मानकों की अनदेखी जैसी गंभीर लापरवाहियां पकड़ी गईं। विभाग ने कड़ा रुख अपनाते हुए मौके पर ही करीब तीस किलोग्राम खराब और दूषित खाद्य सामग्री को नष्ट करवा दिया।

शाहपुर में मिले बासी समोसे और एक्सपायर्ड पेय पदार्थ
कार्रवाई के दौरान शाहपुर क्षेत्र की दुकानों में बासी समोसे, लड्डू, तैयार बासी मिठाइयों के साथ-साथ एक्सपायरी डेट पार कर चुके पेय पदार्थ भी जब्त किए गए। इसके अलावा कई प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा लाइसेंस का अभाव, गंदगी और खाद्य पदार्थों को अखबार में लपेटकर बेचने जैसी कमियां उजागर हुईं। टीम ने स्वीट पैलेस और महावीर मंदिर चौक सहित कई दुकानों का जायजा लिया और संचालकों को तत्काल सुधार करने के सख्त निर्देश दिए।
नियम तोड़ने वाले दुकानदारों पर लगा जुर्माना, सख्त हिदायत
खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों पर मौके पर ही जुर्माना लगाया गया। अधिकारियों ने सभी खाद्य कारोबारियों को सख्त लहजे में चेतावनी दी कि त्योहारी सीजन में मिठाइयों की गुणवत्ता, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों के साथ किसी भी सूरत में समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी औचक छापेमारी और कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।


