
Jamshedpur: आदित्यपुर स्थित फुटबॉल मैदान में श्रीश्री सार्वजनिन काली पूजा कमिटी द्वारा बनाए गए काली पूजा पंडाल का सोमवार रात विधिवत उद्घाटन हुआ। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री सह विधायक चम्पाई सोरेन ने मुख्य अतिथि के रूप में फीता काटकर पंडाल का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने मां काली की पूजा-अर्चना की और राज्य, देश व क्षेत्र के विकास के साथ-साथ आम जनता की खुशहाली और कल्याण की कामना की।
11 नवंबर को बालक भोजन और वस्त्र वितरण का कार्यक्रम
उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए चम्पाई सोरेन ने कहा कि मां काली शक्ति की देवी हैं, जिनकी आराधना समाज पूरे भक्ति भाव और उत्साह के साथ करता है। कमिटी की ओर से बताया गया कि हर साल की तरह इस बार भी धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सामाजिक कार्य किए जाएंगे, जिसके तहत आगामी 11 नवंबर को बालक भोजन और जरूरतमंदों के बीच वस्त्र वितरण कार्यक्रम आयोजित होगा। इस मौके पर आर के सिन्हा, चंचल गोस्वामी, परमेश्वर प्रधान, कमिटी के महासचिव नरेंद्र प्रसाद, कोषाध्यक्ष माणिक दास, पूर्व अध्यक्ष अंजन दास, सुशील मंडल, जोगाई महतो, नंदू, अशोक घोष और झंटू दास समेत कई सदस्य और श्रद्धालु मौजूद रहे।



