
Chatra News: चतरा जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन चतरा के तहत पत्थलगडा थाना पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने रविवार को नावाडीह के समीप सघन छापेमारी अभियान चलाकर एक किलो से अधिक अवैध अफीम के साथ एक तस्कर को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान गिद्धौर थाना क्षेत्र के ब्लॉक मोड़ ऊपर टोला निवासी 40 वर्षीय संजय ठाकुर उर्फ संतोष कुमार ठाकुर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके पास से एक कीपैड मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
रांची से अफीम खरीदकर गिद्धौर ले जाने की थी सूचना
सिमरिया एसडीपीओ नागरगेज शुभम भाऊ साहेब ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी रांची से भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ खरीदकर नावाडीह के रास्ते गिद्धौर की तरफ जा रहा है। सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई के लिए विशेष छापेमारी दल गठित किया गया। पुलिस टीम ने नावाडीह के निकट भेलवाड़ा मोड़ पर वाहनों की एंटी क्राइम चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान संदिग्ध अवस्था में आ रहे संजय ठाकुर को रोककर हिरासत में लिया गया।

तलाशी में निकली एक किलो से ज्यादा अफीम, भेजा गया जेल
हिरासत में लेने के बाद जब आरोपी की विधिवत तलाशी ली गई तो उसके पास से 1.028 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। इस बरामदगी के बाद पत्थलगडा थाना में एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
छापेमारी टीम में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी रहे मौजूद
मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए गए इस सफल अभियान में पत्थलगडा के अंचल सह प्रखंड विकास पदाधिकारी उदल राम, थाना प्रभारी राकेश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक विकास कुमार, सहायक अवर निरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह के अलावा पत्थलगड़ा थाना के सशस्त्र बल के जवान मुस्तैदी से शामिल रहे।


