
Ramgarh: झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO) के. रवि कुमार ने बुधवार को रामगढ़ जिले के आठ अलग-अलग मतदान केंद्रों पर आयोजित BLO एवं BLA-2 की पांचवीं संयुक्त बैठक और चुनाव पाठशाला कार्यक्रम का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने डोर-टू-डोर चल रहे होम-टू-रोल वेरिफिकेशन और Form-6 के डिजिटाइजेशन कार्य की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने काम में तेजी लाने और सभी लंबित मामलों को समय पर निपटाने के कड़े निर्देश दिए। CEO ने मतदान केंद्र संख्या 94, 95, 121, 122, 123, 125, 126 और 127 का ग्राउंड जीरो पर जाकर निरीक्षण किया।
वंशावली और जाति प्रमाणपत्र जुटाने में BLO करेंगे मदद
निरीक्षण के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने BLO को निर्देशित किया कि वे SIR प्रक्रिया के तहत मतदाताओं को जरूरी दस्तावेज जुटाने में पूरा सहयोग करें। जाति प्रमाण पत्र और वंशावली हासिल करने में आ रही दिक्कतों को दूर करने के लिए सक्षम अधिकारियों से तालमेल बैठाया जाए। इसके अलावा दूसरे राज्यों से आए मतदाताओं की मैपिंग उनके गृह राज्य की पिछली SIR वोटर लिस्ट से कराने में भी तकनीकी और प्रशासनिक मदद देने को कहा गया है।

18 साल के युवाओं को तुरंत Form-6 उपलब्ध कराने का आदेश
के. रवि कुमार ने कहा कि हाउस-टू-हाउस सर्वे के दौरान 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके नए युवाओं और भावी वोटरों की अलग सूची बनाई जाए। इन युवाओं को तत्काल Form-6 देकर उनकी पूरी जानकारी BLO रजिस्टर में दर्ज की जाए, ताकि कोई भी नया पात्र नागरिक वोट देने के अधिकार से वंचित न रहे। नए आवेदकों के फॉर्म भरने और आवश्यक कागजात अटैच कराने में BLO सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
12 नवंबर तक डेडलाइन, विदेशी नामों को रोकने की सख्त हिदायत
निरीक्षण के दौरान BLO ने Form-6 के ऑनलाइन डिजिटाइजेशन में सर्वर और तकनीकी समस्याओं की जानकारी दी और स्पेशल कैंप लगाने की मांग रखी, जिस पर CEO ने अधिकारियों को तुरंत समाधान निकालने का निर्देश दिया। उन्होंने 12 नवंबर 2026 तक हर हाल में होम-टू-रोल वेरिफिकेशन का काम पूरा करने की समयसीमा तय की है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने दो टूक चेतावनी दी कि किसी भी पात्र भारतीय नागरिक का नाम छूटने न पाए, और साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी अपात्र या विदेशी व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में किसी सूरत में शामिल न होने पाए।


