
Giridih: लोकआस्था के महापर्व छठ पूजा की तैयारियों को लेकर गिरिडीह नगर निगम की ओर से निगम क्षेत्र के सभी 36 वार्डों स्थित छठ घाटों पर सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को मेयर प्रमिला मेहरा, डिप्टी मेयर सुमित कुमार और उप नगर आयुक्त विजय सिंह विरुआ समेत पूरे नगर निगम की टीम ने विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर चल रहे सफाई कार्यों की स्थिति और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
सफाई कर्मियों की संख्या दुगुनी व बेहतर लाइट व्यवस्था
निरीक्षण के दौरान मेयर प्रमिला मेहरा ने कहा कि किसी भी छठ व्रती को असुविधा न हो, इसके लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। समय की कमी को देखते हुए जिन घाटों पर अधिक सफाई की आवश्यकता है, वहां सफाई कर्मियों की संख्या दुगुनी कर दी गई है। इसके साथ ही घाटों पर प्रकाश की समुचित व्यवस्था के लिए लाइटें बढ़ाई जा रही हैं। उप नगर आयुक्त विजय सिंह विरुआ ने बताया कि नगर निगम ने सफाई में किसी तरह की कमी न रहे, इसके लिए पूरी ताकत झोंक दी है।



