
Giridih: गिरिडीह जिले के सम्मेद शिखरजी की तलहटी में स्थित मधुबन मैदान में आयोजित मरांग बुरु घोरोमगाड़ महासम्मेलन में शामिल होने के लिए CM हेमंत सोरेन कुछ ही देर में पहुंचने वाले हैं। उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने ग्राउंड लेवल पर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। पूरे कार्यक्रम स्थल को सुरक्षा घेरे में रखा गया है और प्रमुख पॉइंट्स पर पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि पूरा आयोजन व्यवस्थित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।
DC और SP मुस्तैद
सुरक्षा और व्यवस्था का जायजा लेने के लिए गिरिडीह DC रामनिवास यादव और SP बिमल कुमार खुद कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहकर पूरी मॉनिटरिंग कर रहे हैं। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को प्रोटोकॉल, क्राउड मैनेजमेंट और ट्रैफिक रूट को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं। प्रशासनिक टीम हर गतिविधि पर लगातार नजर बनाए हुए है, जिससे सम्मेलन में आने वाले श्रद्धालुओं और डेलीगेट्स को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

देश-विदेश से महाजुटान
इस दो दिवसीय महासम्मेलन को लेकर मधुबन में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों के अलावा विदेशों से भी समाज के प्रतिनिधि और धर्मगुरु बड़ी तादाद में शामिल होने पहुंचे हैं। बुधवार को जुग जाहेर थान में पारंपरिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ इस सम्मेलन का शुभारंभ हुआ था, जिसमें गांडेय MLA कल्पना मुर्मू सोरेन भी शामिल हुई थीं। मरांग बुरु की आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक पहचान से जुड़े इस महासम्मेलन में CM के पहुंचने को लेकर मंच और पूरे परिसर में हलचल तेज हो गई है।


