
Chatra: चतरा जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र में एक दलित महिला के साथ दुष्कर्म का संगीन मामला सामने आया है। पीड़िता ने गांव के ही रहने वाले निलेश साव पर जबरन शारीरिक संबंध बनाने और विरोध करने पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। यह वारदात शनिवार की रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है, जब आरोपी ने मौका पाकर पीड़िता को अपनी हवस का शिकार बनाया। घटना के बाद पीड़िता ने लावालौंग थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई।
पिता ने कराया फरार
आवेदन में पीड़िता ने बताया कि घटना की भनक लगते ही परिजनों ने मौके पर पहुंचकर आरोपी निलेश साव को दबोच लिया था। हालांकि इसी बीच आरोपी के पिता भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने परिजनों के साथ उलझकर अपने बेटे को वहां से जबरन छुड़ाकर भगा दिया। आरोपी के फरार होने के बाद पीड़िता अपने परिजनों के साथ सीधे थाने पहुंची और पूरे घटनाक्रम की लिखित जानकारी पुलिस को दी।

FIR दर्ज जांच शुरू
मामले की पुष्टि करते हुए थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर दुष्कर्म और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर धमकी देने के संगीन आरोपों में आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने पूरे मामले की गहन तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़िता का मेडिकल कराने के साथ-साथ फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


