Homeझारखंडरंगदारी मांगी तो नपेंगे पैर, गोली चलाई तो सीधे ऊपर!, 22 महीनों...

रंगदारी मांगी तो नपेंगे पैर, गोली चलाई तो सीधे ऊपर!, 22 महीनों में 27 मुठभेड़, झारखंड पुलिस के ‘फुल एक्शन’ से कांप उठा अंडरवर्ल्ड

Published on

spot_img
spot_img
- Advertisement -

Crime Desk@Md.Kamran: झारखंड में अगर कोई अपराधी यह गलतफहमी पाले बैठा है कि वह फोन पर कारोबारियों से रंगदारी वसूल लेगा, जेल से सुपारी किलिंग करवाएगा और पुलिस हाथ बांधे तमाशा देखती रहेगी, तो अब उसका यह भ्रम चकनाचूर हो चुका है। राज्य में संगठित अपराध और गैंगस्टरों के खिलाफ पुलिस ने अब सिर्फ केस डायरी भरने का काम छोड़ दिया है, बल्कि बंदूक का जवाब बंदूक और गोली का जवाब गोली से दिया जा रहा है। 11 जनवरी 2025 से लेकर 30 अक्टूबर 2026 के बीच के आंकड़े इस बात की साफ गवाही दे रहे हैं कि झारखंड पुलिस अब ‘नो मर्सी’ वाले मूड में आ चुकी है। पिछले करीब 22 महीनों में राज्य के अलग-अलग जिलों में 27 बार पुलिस और अपराधियों के बीच गोलियां तड़तड़ाई हैं। नतीजा तीन खूंखार अपराधी मौके पर ही ढेर हो गए, जबकि 33 से ज्यादा कुख्यात शूटरों और बदमाशों के पैरों में गोली दागकर उन्हें अस्पताल के रास्ते सलाखों के पीछे धकेल दिया गया।

- Advertisement -

अमन साहू और सुजीत सिन्हा समेत 3 बड़े चेहरों का खेल खत्म

पुलिस की इस ताबड़तोड़ स्ट्राइक में सबसे बड़ा झटका उन गैंग्स को लगा है, जो सालों से झारखंड में समानांतर सरकार चलाने का दंभ भरते थे। 11 मार्च 2025 को उस वक्त हड़कंप मच गया था जब कुख्यात गैंगस्टर अमन साहू को रायपुर जेल से झारखंड लाते वक्त पलामू में पुलिस मुठभेड़ हुई और वह मौके पर ही मारा गया। इसके बाद 3 अगस्त को जामताड़ा में कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा भी पुलिस मुठभेड़ में ढेर हो गया। वहीं, हजारीबाग के झामुमो नेता संतोष सिंह हत्याकांड का मुख्य आरोपी राहुल तुरी 11 जनवरी 2025 को रामगढ़ के कुज्जू में पुलिस की जवाबी फायरिंग में मारा गिराया गया था। इन तीन बड़े एनकाउंटरों ने साफ कर दिया कि अपराध की दुनिया में रसूख चाहे कितना भी बड़ा हो, कानून के आगे किसी की मनमानी नहीं चलेगी।

रांची में बैक-टू-बैक एनकाउंटर, रिंग रोड से नयासराय तक गूंजी गोलियां

राजधानी रांची में तो पुलिस ने अपराधियों को सांस लेने तक की फुर्सत नहीं दी है। 30 अक्टूबर को धुर्वा थाना इलाके के रिंग रोड (सीठियो) पर राहुल दुबे गिरोह के गुर्गों के साथ पुलिस की सीधी मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में सौरव कुमार के पैर में गोली लगी और वह जमीन पर गिर पड़ा। पुलिस ने मौके से तीन पिस्टल, एक स्विफ्ट कार और पल्सर बाइक जब्त करते हुए गिरोह के पांच सदस्यों को धर दबोचा। इससे ठीक तीन दिन पहले, यानी 27 अक्टूबर को विधानसभा थाना क्षेत्र के नयासराय में राहुल सिंह गिरोह के साथ एनकाउंटर हुआ, जहां शाहिद नाम का बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हुआ और उसके दो साथी दबोचे गए।

धनबाद में सबसे ज्यादा 8 एनकाउंटर, प्रिंस खान के शूटरों के टूटे घुटने

कोयलांचल धनबाद, जहां कभी वासेपुर से लेकर कतरास तक रंगदारी और खूनी गैंगवार का खौफ हुआ करता था, वहां पुलिस ने सबसे ज्यादा कड़ा प्रहार किया है। एक साल के भीतर अकेले धनबाद में 8 एनकाउंटर हुए हैं। 14 अक्टूबर 2026 को राम प्रताप हत्याकांड के आरोपी शंकर डे उर्फ पिंकू डे को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दबोचा। 24 सितंबर को ईस्ट बसुरिया के भूली मोड़ पर गोलीबारी के बाद पुलिस ने दो अपराधियों को गोली मारकर गिराया और चार को जेल भेजा। 16 सितंबर को निरसा में शूटर सागर सिंह उर्फ शिबू को गोली लगी। वहीं 17 अगस्त को निरंकारी और कुरमडी चौक के बीच हुई मुठभेड़ में विदेश में बैठे प्रिंस खान गिरोह के दो खूंखार गुर्गों इरफान आलम और नन्हे अंसारी के पैरों में गोली लगी। इसके अलावा 8 मार्च को भूईंफोड़ पहाड़ की तलहटी में रंगदारी वसूलने पहुंचे सुधीश ओझा और 16 मार्च को भागाबांध में भी पुलिस ने अपराधियों के होश ठिकाने लगाए।

जमशेदपुर में उडिपी रेस्टोरेंट के शूटरों से लेकर स्नैचरों तक पर बरसीं गोलियां

लौहनगरी जमशेदपुर में भी साल 2026 के दौरान चार बड़े एनकाउंटर देखने को मिले। 7 अक्टूबर को मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के उडिपी रेस्टोरेंट में ताबड़तोड़ फायरिंग करने वाले मुख्य शूटर मोहन यादव और अजीत मंडल को जब पुलिस हथियार बरामदगी के लिए ले जा रही थी, तो उन्होंने भागने की कोशिश की। पुलिस ने फौरन मोर्चा संभाला और दोनों के पैरों में गोलियां दाग दीं। इससे पहले 9 जुलाई को राहुल मर्डर केस के आरोपी सब्बे, 15 जून को सिदगोड़ा में चेन छिनतई के आरोपी हरपाल सिंह उर्फ गबरू, और 30 जनवरी को कैरव गांधी किडनैपिंग केस के आरोपी गुड्डू सिंह, मोहम्मद इमरान और रमीज राजा को भी पुलिस मुठभेड़ में घायल कर दबोचा गया था।

हजारीबाग, रामगढ़ और चतरा में भी खाकी का खौफ

हजारीबाग और रामगढ़ में राहुल दुबे और प्रिंस खान गिरोह के नेटवर्क को पुलिस ने बुरी तरह ध्वस्त कर दिया है। हजारीबाग के गिद्दी में 22 अगस्त को बादल और मोहित घायल हुए, तो बड़कागांव के जंगलों में प्रिंस खान के शूटर जीशान को पुलिस की गोली का स्वाद चखना पड़ा। रामगढ़ के भुरकुंडा में 6 अप्रैल को राहुल दुबे गैंग का सन्नी सिंह और 6 जुलाई को प्रिंस खान का शूटर शिवराज राम उर्फ शिवा मुठभेड़ में घायल होकर पकड़ा गया। वहीं चतरा के टंडवा-पिपरवार जंगल में 25 अगस्त को राहुल दुबे गिरोह के शूटर विकास कुमार को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद धर दबोचा।

झारखंड पुलिस की इस ताबड़तोड़ ‘स्ट्राइक’ ने अंडरवर्ल्ड और जेलों में बैठे आकाओं को बिल्कुल साफ संदेश दे दिया है या तो रंगदारी, सुपारी किलिंग और हथियारों की नुमाइश बंद करो, वरना पुलिस की गोली और जेल की तन्हाई ही आखिरी ठिकाना बनेगी।

ताज़ा ख़बरें...

रांची में यहां फिलहाल नहीं चलेगा बुलडोजर, NHAI ने हाईकोर्ट को दी जानकारी

Jharkhand High Court: राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) फिलहाल रांची के रामपुर बाजार स्थित 'राजहंस...

हरमू में रंगे हाथ पकड़े गए थे बदमाश, पुलिस ने अदालत में सौंपी चार्जशीट

Ranchi news: राजधानी रांची के हरमू फ्रूट मार्केट में ट्रक चालक के साथ चाकू...

रांची में यहां 9 साल की बच्ची से दुष्कर्म, मुंहबोले चाचा पर लगा आरोप

Ranchi: राजधानी के ग्रामीण क्षेत्र अंतर्गत तमाड़ थाना इलाके में नौ वर्षीय एक बच्ची...

धनबाद में दिवाली पर सड़क हादसों में पांच की गई जान, 38 अस्पताल में भर्ती

Dhanbad news: दीपावली के पावन त्योहार के दौरान धनबाद जिले में बेकाबू रफ्तार और...

ये भी पढ़ें...

रांची में यहां फिलहाल नहीं चलेगा बुलडोजर, NHAI ने हाईकोर्ट को दी जानकारी

Jharkhand High Court: राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) फिलहाल रांची के रामपुर बाजार स्थित 'राजहंस...

हरमू में रंगे हाथ पकड़े गए थे बदमाश, पुलिस ने अदालत में सौंपी चार्जशीट

Ranchi news: राजधानी रांची के हरमू फ्रूट मार्केट में ट्रक चालक के साथ चाकू...

रांची में यहां 9 साल की बच्ची से दुष्कर्म, मुंहबोले चाचा पर लगा आरोप

Ranchi: राजधानी के ग्रामीण क्षेत्र अंतर्गत तमाड़ थाना इलाके में नौ वर्षीय एक बच्ची...