
Dhanbad news: प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत धनबाद जिले में संविदा आधारित बहाली के लिए योग्य और अयोग्य अभ्यर्थियों की प्रारंभिक सूची जारी कर दी गई है। जिला ग्रामीण विकास शाखा द्वारा जारी इस सूची में चार अलग-अलग पदों के लिए कुल 308 अभ्यर्थियों को प्रारंभिक रूप से पात्र पाया गया है। विभाग ने आवेदनों की गहन जांच के बाद पूरी सूची कारणों सहित धनबाद जिले की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी है ताकि अभ्यर्थी अपनी स्थिति देख सकें।
पदवार योग्य अभ्यर्थियों का आंकड़ा
जारी की गई आधिकारिक प्रारंभिक सूची के अनुसार विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। इसमें ट्रेनिंग को-ऑर्डिनेटर पद के लिए 21, कंप्यूटर ऑपरेटर के लिए 13, ब्लॉक को-ऑर्डिनेटर पद के लिए सर्वाधिक 246 और ब्लॉक कंप्यूटर ऑपरेटर पद के लिए 28 अभ्यर्थियों को योग्य घोषित किया गया है। इस तरह कुल मिलाकर 308 अभ्यर्थी अगले चरण की प्रक्रिया के लिए प्रारंभिक रूप से चयनित हुए हैं। यह नियुक्ति परियोजना प्रबंधन इकाई यानी पीएमयू में स्वीकृत रिक्तियों के विरुद्ध की जा रही है, जिसके लिए बीते वर्ष आवेदन आमंत्रित किए गए थे।

वेतन पर्ची और प्रतिशत प्रमाणपत्र जमा करना जरूरी
विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों ने अपने कार्यानुभव के प्रमाण के रूप में वेतन पर्ची अथवा बैंक स्टेटमेंट अपलोड नहीं किया था, उन्हें अनिवार्य रूप से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। इसके अलावा जिन अभ्यर्थियों के शैक्षणिक अंकपत्र में केवल ग्रेड अंकित है, उन्हें उसका प्रमाणित प्रतिशत प्रमाणपत्र उपलब्ध कराना होगा ताकि उनके अंकों का सही मूल्यांकन किया जा सके।
30 नवंबर तक दर्ज करा सकते हैं दावा और आपत्ति
प्रारंभिक सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि या असंतोष होने पर अभ्यर्थी 30 नवंबर 2026 की शाम पांच बजे तक अपनी दावा-आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। अभ्यर्थियों को कार्यालय अवधि के दौरान जिला ग्रामीण विकास शाखा में उपस्थित होकर अपना लिखित आवेदन जमा करना होगा। विभाग ने दो टूक साफ किया है कि तय समयसीमा समाप्त होने के बाद किसी भी तरह के आवेदन या आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा।
आपत्तियों के निपटारे के बाद आयोजित होगी दक्षता परीक्षा
प्राप्त सभी दावा-आपत्तियों के विधिवत निराकरण के बाद अंतिम रूप से योग्य और अयोग्य उम्मीदवारों की संशोधित सूची तथा मेधा सूची जारी की जाएगी। इसी अंतिम मेधा सूची के आधार पर सफल अभ्यर्थियों को दक्षता परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा। दक्षता परीक्षा की तारीख, समय और स्थल की जानकारी जिले की आधिकारिक वेबसाइट और प्रमुख समाचार पत्रों के माध्यम से सार्वजनिक की जाएगी।


