
Dhanbad: त्योहारों के मौसम में अपराधियों पर नकेल कसने और आम नागरिकों की सुरक्षा पुख्ता करने के लिए धनबाद पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। बाजारों में चोरी, लूट और छिनतई जैसी वारदातों की रोकथाम के लिए जिलेभर के व्यावसायिक इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था की सघन जांच शुरू कर दी गई है। SSP प्रभात कुमार के निर्देश पर मंगलवार को विभिन्न थाना क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले प्रमुख ज्वेलरी शोरूम, शॉपिंग मॉल, बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और एटीएम बूथों का औचक निरीक्षण किया गया।
CCTV कैमरों और अलार्म सिस्टम की हुई पड़ताल


जांच अभियान के दौरान संबंधित थानों के पुलिस अधिकारियों ने व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में पहुंचकर सुरक्षा मानकों का जायजा लिया। इस दौरान दुकानों और मॉल में लगे CCTV कैमरों के एंगल, फुटेज बैकअप, आपातकालीन अलार्म सिस्टम और अन्य आधुनिक सुरक्षा उपकरणों की कार्यशीलता को बारीकी से परखा गया। पुलिस अधिकारियों ने संचालकों और तैनात निजी सुरक्षा गार्डों को चौबीसों घंटे पूरी तरह मुस्तैद रहने का निर्देश दिया।
दुकानदारों को रजिस्टर संधारण और संदिग्धों पर नजर रखने की हिदायत

पुलिस टीम ने ज्वेलरी शॉप संचालकों को निर्देश दिया कि वे आने-जाने वाले संदिग्ध ग्राहकों की पहचान और विवरण का रिकॉर्ड रजिस्टर में अनिवार्य रूप से दर्ज करें। इसके साथ ही दुकानों के ठीक सामने बेवजह वाहनों की पार्किंग न होने देने और किसी भी असामान्य गतिविधि पर तुरंत नजर रखने की हिदायत दी गई।
बड़ी नकदी ले जाते समय पुलिस सुरक्षा लेने की सलाह
व्यापारियों को सलाह दी गई है कि त्योहार के दिनों में बड़ी मात्रा में नकदी का लेनदेन या परिवहन करते समय अत्यधिक सावधानी बरतें। एसएसपी ने कहा कि बड़ी रकम ले जाने से पूर्व संबंधित थाना पुलिस को पहले ही सूचित करें और आवश्यकता पड़ने पर पुलिस सुरक्षा एस्कॉर्ट का सहयोग लें। बैंक ATM की सुरक्षा और गार्डों की तैनाती की भी समीक्षा की गई। एसएसपी प्रभात कुमार ने साफ कहा कि पूरे त्योहारी सीजन में बाजारों में लगातार पुलिस गश्त और निगरानी जारी रहेगी। साथ ही नागरिकों से अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी फौरन पुलिस को दें।


