
Dhanbad News: ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने के लिए धनबाद जिला प्रशासन ने एक नई पहल शुरू की है। डीसी आदित्य रंजन के निर्देश पर वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत जिला उद्यान कार्यालय द्वारा टुंडी प्रखंड की जामकोल और सनियाडीह पंचायत में तीन दिवसीय विशेष ट्रेनिंग कैंप आयोजित किया गया। इसमें झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) से जुड़ी स्वयं सहायता समूह (SHG) की 17 महिलाओं को मधुमक्खी पालन की बारीकियां सिखाई गईं। ट्रेनिंग पूरी होने के बाद महिलाओं को सर्टिफिकेट के साथ 20 मधुमक्खी कॉलोनियां, 20 आठ-फ्रेम वाले बक्से, एक हनी एक्सट्रैक्टर मशीन और अन्य जरूरी उपकरण सौंपे गए।
आमदनी के साथ-साथ फसलों की पैदावार भी बढ़ेगी
जिला उद्यान पदाधिकारी अमितेश रंजन ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को अपने ही इलाके में स्वरोजगार के साधन उपलब्ध कराकर उनकी आमदनी को बढ़ाना है। मधुमक्खी पालन से जहां महिलाएं शहद बेचकर अच्छी कमाई कर सकेंगी, वहीं मधुमक्खियों के जरिए खेतों में परागण (पॉलिनेशन) की प्रक्रिया भी तेज होगी। इससे आसपास की कृषि और बागवानी फसलों की उत्पादकता में भी काफी सुधार आएगा। प्रशासन के इस प्रयास से क्षेत्र की महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता के नए रास्ते खुल रहे हैं।



