
Dhirendra Shastri controversy: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री एक बार फिर अपने विवादित बयान को लेकर चौतरफा घिर गए हैं। मध्य प्रदेश के शिवपुरी स्थित करैरा में आयोजित श्रीराम कथा के दौरान भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूप की तुलना करते हुए की गई उनकी टिप्पणी पर भारी राजनीतिक और सामाजिक बवाल खड़ा हो गया है। विवाद के तूल पकड़ने और देश के विभिन्न हिस्सों में विरोध प्रदर्शन के बाद धीरेंद्र शास्त्री ने वीडियो जारी कर सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली है, हालांकि इसके बावजूद उनके खिलाफ नाराजगी थमने का नाम नहीं ले रही है।
कथा में विवादित बयान
करैरा में कथा वाचन के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भगवान श्रीकृष्ण के ‘त्रिभंगी’ स्वरूप की नकल करते हुए और शारीरिक भाव-भंगिमाएं बनाकर तुलना शुरू की। उन्होंने कहा कि उनके वाले खड़े भी होते हैं तो तीन जगह से टेढ़े, जबकि भगवान राम एकदम सीधे खड़े होते हैं, सीधे चलते हैं और सीधे दिखते हैं। इसके अलावा उन्होंने बंसी बजाने को खेल बताते हुए धनुष चलाने, गाय चराने और गोवर्धन पर्वत उठाने को लेकर भी तुलनात्मक टिप्पणियां कीं।

नेताओं का तीखा हमला
बयान का वीडियो वायरल होते ही राजनीतिक दलों ने तीखी प्रतिक्रिया दी। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के आरोप में धीरेंद्र शास्त्री के सभी कार्यक्रम रद्द करने की मांग की। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कथावाचक को ‘मूर्ख’ करार दिया। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने भी आराध्यों के बीच ऐसा विभाजन पैदा करने पर सवाल उठाए।
संत समाज और विरोध
मथुरा और वृंदावन के संतों ने आराध्य देव पर इस तरह की अशोभनीय टिप्पणी की निंदा की। सांसद पप्पू यादव ने दिल्ली के संसद मार्ग थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। वहीं यादव समाज सहित कई सामाजिक संगठनों ने देश के अलग-अलग शहरों में पुतले फूंककर सड़कों पर विरोध प्रदर्शन किया।
धीरेंद्र शास्त्री की सफाई
चारों तरफ से घिरने के बाद धीरेंद्र शास्त्री ने एक वीडियो संदेश जारी कर अपनी सफाई दी और माफी मांगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य भगवान राम और भगवान श्रीकृष्ण में कोई भेद करना या किसी भक्त की भावना आहत करना नहीं था। वे एक संत के पद की व्याख्या करते हुए भाव प्रवाह में यह बात कह गए थे। उन्होंने खुद को श्रीकृष्ण का अनन्य भक्त बताते हुए आहत हुए लोगों से क्षमा मांगी।


