
Ranchi: रांची स्थित मनी लॉन्ड्रिंग मामलों की विशेष अदालत में पीएलएफआई सुप्रीमो दिनेश गोप से जुड़े 20 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सुनवाई हुई। विशेष न्यायाधीश योगेश कुमार की अदालत में आरोपी दिनेश गोप को पलामू जेल से पेश किया जाना था, लेकिन किसी कारणवश उसकी पेशी नहीं हो सकी। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 23 नवंबर की तारीख तय की है। इससे पहले 24 सितंबर को सभी आरोपियों को पेन ड्राइव के माध्यम से पुलिस पेपर सौंपे जा चुके हैं। इस पूरे मामले में दिनेश गोप, उसकी दोनों पत्नियों समेत करीब डेढ़ दर्जन से अधिक आरोपियों पर आरोप तय किए जाने हैं।
आरोपियों के बॉन्ड की अवधि बढ़ी, माफी अर्जी पर जवाब तलब
अदालत की पिछली कार्यवाही के दौरान आरोपी जितेंद्र कुमार, सुमंत कुमार, फैसल मूसा, विनय कुमार जालान, जनार्दन कुमार सोनी, नंद लाल सोनी, अमित कुमार उर्फ अमित जायसवाल, चंद्र शेखर कुमार, जय प्रकाश सिंह भुइयां, नंद किशोर महतो, फुलेश्वर गोप, हीरा देवी, शकुंतला कुमारी, अरुण गोप और बिनोद कुमार ने अदालत में अपनी हाजिरी लगाई थी। इन आरोपियों ने दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 88 के तहत बॉन्ड अवधि बढ़ाने की अर्जी दी थी, जिसकी प्रति प्रवर्तन निदेशालय के विशेष लोक अभियोजक को सौंपी गई। अदालत ने अर्जी स्वीकार करते हुए बॉन्ड की अवधि अगली तारीख तक बढ़ा दी। इसी बीच आरोपी फैसल मूसा के अधिवक्ता ने अदालत को बताया कि उन्होंने माफी पाने और केस से नाम हटाने के लिए सीआरपीसी की धारा 306 के तहत अर्जी दाखिल की थी, जिसका पूर्व के आदेश में उल्लेख छूट गया था। इस पर अदालत ने अभियोजन पक्ष को फैसल मूसा और जितेंद्र कुमार की अर्जी पर तय समय में जवाब देने का निर्देश दिया।

शेल कंपनियों और हवाला के जरिए खपाए गए लेवी के रुपये
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है कि आरोपी विनोद कुमार, चंद्रशेखर कुमार, नंद किशोर महतो और मोहन कुमार पीएलएफआई सुप्रीमो दिनेश गोप के मुख्य सहयोगी रहे हैं। इन लोगों ने आपराधिक साजिश के तहत संगठन के लिए लेवी और रंगदारी की भारी रकम इकट्ठा की। जांच में सामने आया कि दिनेश गोप के साथ मिलकर सुमंत कुमार, नंदलाल स्वर्णकार, चंद्रशेखर सिंह, अरुण गोप, जितेंद्र कुमार और नवीन भाई जयंती भाई पटेल ने ठेकेदारों, कारोबारियों और विकास परियोजनाओं से वसूली गई लेवी की रकम को शेल कंपनियों में निवेश कराया।
जांच में पुष्टि हुई है कि मेसर्स शिव आदि शक्ति, मेसर्स शिव शक्ति समृद्धि इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड और मेसर्स भव्य इंजीकॉन जैसी शेल कंपनियों के जरिए यह काला धन खपाया गया। ये कंपनियां दिनेश गोप के परिजनों की भागीदारी में चलाई जा रही थीं। इसके अलावा लेवी की रकम को हवाला के जरिए ट्रांसफर किया गया और दो दर्जन से अधिक बैंक खातों के माध्यम से करीब ढाई करोड़ रुपये का सीधा लेनदेन हुआ। ये खाते फर्जी कंपनियों के साथ-साथ दिनेश गोप के परिवार के सदस्यों के नाम पर संचालित पाए गए हैं।


