
Hyderabad: बंद घरों की रेकी कर कटर मशीन से ताले तोड़ने और अलमारियों से कीमती गहने उड़ाने वाली एक शातिर महिला को हैदराबाद पुलिस ने गिरफ्तार किया है। 25 वर्षीय आरोपी महिला की पहचान पगा जया के रूप में हुई है, जो B.Tech की पूर्व छात्रा रह चुकी है। आरोपी के पास से करीब 48 तोला (लगभग 560 ग्राम) सोना, डेढ़ किलोग्राम चांदी, नकदी और एक नया iPhone 17 बरामद किया गया है। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 70 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस के अनुसार, वह उप्पल, मेडिपल्ली, जगतगिरिगुट्टा और भद्राद्री कोठागुडेम टाउन-2 थानों में दर्ज कम से कम पांच चोरी के मामलों में शामिल रही है।


मंदिर गया था परिवार, पीछे से पार कर दिए जेवरात
इस पूरी कार्रवाई की शुरुआत 26 अक्टूबर को हुई एक चोरी के मामले से हुई। न्यू भारत नगर कॉलोनी निवासी 55 वर्षीय गंगम भास्कर रेड्डी अपने परिवार के साथ घर में ताला लगाकर कोमुरावेली स्थित श्री मल्लन्ना स्वामी मंदिर गए थे। सूने घर का फायदा उठाकर जया कटर मशीन लेकर वहां पहुंची। उसने मुख्य द्वार का ताला काटा और अंदर दाखिल होकर मास्टर बेडरूम व बच्चों के कमरे की अलमारियां तोड़ दीं। वहां रखे लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने और नकदी समेटकर वह फरार हो गई। 27 अक्टूबर को जब काम करने वाली महिला पहुंची, तब ताले टूटे देखकर गृहस्वामी को खबर दी गई, जिसके बाद उप्पल पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराया गया।

सीसीटीवी में दिखा काला बुर्का और नीला बैग
मामले की जांच के दौरान पुलिस और सेंट्रल क्राइम स्टेशन (CCS) की टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में एक महिला काले बुर्के, दस्ताने और कंधे पर हल्के नीले रंग का बैग टांगे संदिग्ध रूप से घूमती नजर आई। तकनीकी साक्ष्यों और रूट ट्रैकिंग के आधार पर पुलिस ने महिला की पहचान पगा जया के रूप में की। इसके बाद 31 अक्टूबर की सुबह करीब 8 बजे उप्पल एक्स रोड्स पर एलबी नगर रूट के बस स्टॉप के पास घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
आर्थिक तंगी से छूटी पढ़ाई, फिर अपराध की राह
पुलिस जांच में आरोपी महिला की पृष्ठभूमि को लेकर कई खुलासे हुए हैं। पगा जया मूल रूप से तेलंगाना के भद्राद्री कोठागुडेम जिले के पलवंचा की रहने वाली है। उसने कोठागुडेम के अनुबोस कॉलेज में बीटेक प्रथम वर्ष में प्रवेश लिया था, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण पढ़ाई पूरी नहीं कर सकी। इसके बाद वह 2023 में हैदराबाद आ गई और 2024 में शादी के बाद उप्पल की न्यू भारत नगर कॉलोनी में रहने लगी।
इंटरनेट से सीखे ताले काटने के तरीके
पूछताछ में सामने आया कि जया ने इंटरनेट पर वीडियो देखकर कटर मशीन से ताले काटने और घरों में सेंध लगाने के तरीके सीखे थे। वह बंद घरों की पहले से रेकी करती थी और पहचान छिपाने के लिए हमेशा बुर्के व दस्तानों का इस्तेमाल करती थी ताकि सीसीटीवी कैमरों में चेहरा न आए। चोरी के गहनों को बेचकर या गिरवी रखकर मिले पैसों से वह अपने महंगे शौक पूरे करती थी। 31 अक्टूबर को अदालत में पेशी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि पुलिस चोरी के बाकी गहनों और संभावित अन्य वारदातों की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।


