Homeबिहारनेक्सन कार से 19.98 लाख रुपये के साथ एक गिरफ्तार, फॉर्च्यूनर सवार...

नेक्सन कार से 19.98 लाख रुपये के साथ एक गिरफ्तार, फॉर्च्यूनर सवार फरार; मोबाइल में मिले फेक करेंसी के वीडियो

Published on

spot_img
spot_img
- Advertisement -

पूर्वी चंपारण में नकली करेंसी के कारोबार से जुड़े संदिग्ध नेटवर्क का खुलासा होने का दावा किया गया है। हरसिद्धि थाना क्षेत्र के मानिकपुर चौक पर वाहन जांच के दौरान पुलिस ने नेक्सन कार सवार एक व्यक्ति को 19 लाख 98 हजार 500 रुपये नकद के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के मोबाइल फोन में जाली नोटों के कारोबार से संबंधित संदिग्ध चैट, वीडियो और एक ही नंबर वाले पांच नोटों की तस्वीरें मिली हैं। मामले में फॉर्च्यूनर कार सवार अन्य लोग फरार हैं। बेतिया में छापेमारी के दौरान 10 जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के बरहलगंज थाना क्षेत्र निवासी रोहित कुमार शाही (35) के रूप में हुई है। अरेराज डीएसपी पंकज कुमार मिश्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्रवाई की जानकारी दी। पुलिस अब गोरखपुर से लेकर बेतिया तक कथित नेटवर्क की कड़ियां तलाश रही है।

- Advertisement -

फॉर्च्यूनर के पीछे चल रही थी नेक्सन, पुलिस को देख भागने की कोशिश

डीएसपी के अनुसार, 28 अक्टूबर की शाम डायल-112 की पुलिस टीम को सूचना मिली कि यूपी नंबर की एक फॉर्च्यूनर कार और उसके पीछे चल रही नेक्सन कार में सवार कुछ लोग मोतिहारी से अरेराज की ओर जा रहे हैं। सूचना के बाद एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर डीएसपी के नेतृत्व में हरसिद्धि पुलिस को कार्रवाई के लिए लगाया गया।

पुलिस ने मानिकपुर चौक पर वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान आगे चल रही फॉर्च्यूनर कार तेजी से निकल गई। उसके पीछे आ रही नेक्सन को पुलिस ने जांच के लिए रोका। इसी बीच बैग लेकर कार से उतरकर भागने की कोशिश कर रहे रोहित कुमार शाही को पुलिस ने पकड़ लिया। कार में सवार अन्य लोग फरार होने में सफल रहे।

बैग में मिले 500 रुपये के 3,997 नोट

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार व्यक्ति के बैग की तलाशी में 500 रुपये के नोटों के 40 बंडल मिले। नोटों की कुल संख्या 3,997 बताई गई है, जिनकी कीमत 19 लाख 98 हजार 500 रुपये है।

पूछताछ के दौरान आरोपी नकदी के स्रोत के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। पुलिस का कहना है कि वह बार-बार अपना बयान बदल रहा था और रकम से संबंधित कोई वैध दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर पाया।

मोबाइल में संदिग्ध चैट, वीडियो और एक ही नंबर वाले पांच नोटों की तस्वीरें

पुलिस की जांच में गिरफ्तार आरोपी का मोबाइल फोन अहम कड़ी बनकर सामने आया है। पुलिस के अनुसार, मोबाइल में फॉर्च्यूनर कार में सवार सोनू सिंह के साथ कथित तौर पर जाली नोटों के कारोबार से जुड़ी संदिग्ध चैट मिली है।

इसके अलावा मोबाइल के रीसायकल बिन में एक ही नंबर वाले पांच नोटों की तस्वीरें और फेक करेंसी से संबंधित कई वीडियो भी बरामद किए जाने की बात कही गई है। इन डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस कथित गिरोह के नेटवर्क, नकदी के स्रोत और जाली नोटों की सप्लाई व खपत से जुड़े लोगों की पहचान करने में जुटी है।

गोरखपुर के तीन लोगों पर शक, बेतिया से भी जुड़ाव की जांच

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि फॉर्च्यूनर और नेक्सन कार में सवार अन्य लोग गोरखपुर के रहने वाले हैं और बेतिया में जाली नोटों के कारोबार से जुड़े हैं। पुलिस इस बयान की सत्यता की जांच कर रही है। फरार लोगों की गिरफ्तारी के लिए मोतिहारी और पश्चिमी चंपारण जिले में कई ठिकानों पर छापेमारी की गई है।

छापेमारी के दौरान पश्चिमी चंपारण जिले के बानुछापर थाना क्षेत्र के बेलवा निवासी अशोक मिश्रा के घर से .350 बोर के 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इस मामले में बानुछापर थाने में अलग से प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, अशोक मिश्रा के खिलाफ नोटों की हेराफेरी से संबंधित करीब आधा दर्जन मामले पहले से दर्ज हैं।

नकदी के स्रोत और फरार आरोपियों की तलाश जारी

फिलहाल पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। बरामद 19.98 लाख रुपये की प्रामाणिकता और स्रोत का सत्यापन किया जा रहा है। मोबाइल में मिले संदिग्ध चैट और वीडियो का कथित नेटवर्क से क्या संबंध है, गोरखपुर के लोगों का बेतिया से क्या कनेक्शन है और फरार फॉर्च्यूनर सवार कौन हैं—इन सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं।

पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि बरामद नकदी किसे पहुंचाई जानी थी। मामले में छापेमारी और जांच जारी है।

कार्रवाई में अरेराज डीएसपी पंकज कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस अवर निरीक्षक मुनीर आलम, थानाध्यक्ष सुनील कुमार, अपर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार, एसआई ऋतुराज जायसवाल, एसआई प्रीतम कुमार, एएसआई ब्रह्मदेव पासवान (डायल-112) और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

(प्रतिक सिंह की रिपोर्ट)

ताज़ा ख़बरें...

रांची में यहां फिलहाल नहीं चलेगा बुलडोजर, NHAI ने हाईकोर्ट को दी जानकारी

Jharkhand High Court: राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) फिलहाल रांची के रामपुर बाजार स्थित 'राजहंस...

हरमू में रंगे हाथ पकड़े गए थे बदमाश, पुलिस ने अदालत में सौंपी चार्जशीट

Ranchi news: राजधानी रांची के हरमू फ्रूट मार्केट में ट्रक चालक के साथ चाकू...

रांची में यहां 9 साल की बच्ची से दुष्कर्म, मुंहबोले चाचा पर लगा आरोप

Ranchi: राजधानी के ग्रामीण क्षेत्र अंतर्गत तमाड़ थाना इलाके में नौ वर्षीय एक बच्ची...

धनबाद में दिवाली पर सड़क हादसों में पांच की गई जान, 38 अस्पताल में भर्ती

Dhanbad news: दीपावली के पावन त्योहार के दौरान धनबाद जिले में बेकाबू रफ्तार और...

ये भी पढ़ें...

रांची में यहां फिलहाल नहीं चलेगा बुलडोजर, NHAI ने हाईकोर्ट को दी जानकारी

Jharkhand High Court: राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) फिलहाल रांची के रामपुर बाजार स्थित 'राजहंस...

हरमू में रंगे हाथ पकड़े गए थे बदमाश, पुलिस ने अदालत में सौंपी चार्जशीट

Ranchi news: राजधानी रांची के हरमू फ्रूट मार्केट में ट्रक चालक के साथ चाकू...

रांची में यहां 9 साल की बच्ची से दुष्कर्म, मुंहबोले चाचा पर लगा आरोप

Ranchi: राजधानी के ग्रामीण क्षेत्र अंतर्गत तमाड़ थाना इलाके में नौ वर्षीय एक बच्ची...