
Hazaribagh: हजारीबाग जिले में संगठित आपराधिक गिरोहों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। राहुल दुबे गैंग के एक सक्रिय सदस्य अंशु दुबे को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। हथियार बरामदगी के दौरान आरोपी द्वारा पुलिस पार्टी पर हमला करने के बाद हुई जवाबी फायरिंग में उसके बाएं पैर में गोली लगी है। घटना के बाद आधी रात करीब 12 बजे हजारीबाग SP अमन कुमार खुद सदर अस्पताल पहुंचे और सीधे कैदी वार्ड में जाकर इलाजरत घायल अपराधी से मामले की बारीकी से पूछताछ की। यह पूरा मामला जिले के गिद्दी (उरीमारी) थाना क्षेत्र से जुड़ा है।
सैनिक माइनिंग गेट पर रंगदारी के लिए की थी अंधाधुंध फायरिंग
बीती 26-27 अक्टूबर की रात उरीमारी स्थित सैनिक माइनिंग कंपनी के मुख्य गेट पर राहुल दुबे गैंग के गुर्गों ने लेवी और रंगदारी नहीं मिलने के कारण आतंक फैलाने के मकसद से ताबड़तोड़ गोलियां चलाई थीं। इस हमले में कंपनी का एक निजी सुरक्षाकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे नाजुक हालत में बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया था जहां उसका इलाज जारी है। उद्योग और खनन क्षेत्र में हुई इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।


DSP अमित आनंद के नेतृत्व में बनी SIT ने दबोचा
वारदात की गंभीरता को देखते हुए हजारीबाग पुलिस ने त्वरित एक्शन लिया और डीएसपी अमित आनंद के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र के जरिए एसआईटी ने घेराबंदी करते हुए राहुल दुबे गैंग के सक्रिय शूटर अंशु दुबे को धर दबोचा। पुलिस हिरासत में कड़ी पूछताछ के दौरान उसने सैनिक माइनिंग गेट पर हुई गोलीबारी में सीधे तौर पर शामिल होने का जुर्म कबूल कर लिया।
करमाटीला जंगल में हथियार जब्ती के दौरान पुलिस पर चला दी गोली
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना में इस्तेमाल हथियार को उसने करमाटीला के घने जंगलों में छिपाकर रखा है। इसके बाद पुलिस टीम आरोपी को हथियार बरामद कराने के लिए जंगल के चिह्नित ठिकाने पर ले गई। वहां पहुंचते ही अंशु दुबे ने सुरक्षाकर्मियों को अचानक जोरदार धक्का दिया और जमीन में छिपाकर रखे हथियार को निकालकर सीधे पुलिस बल पर फायरिंग झोंक दी। जवानों ने त्वरित आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें पुलिस की एक गोली आरोपी के बाएं पैर में जा लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा।

कैदी वार्ड पहुंचे SP, गैंग के बाकी सदस्यों की तलाश में दबिश तेज
घायल आरोपी अंशु दुबे को तत्काल सुरक्षा घेरे में हजारीबाग सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। रात 12 बजे सदर अस्पताल के कैदी वार्ड पहुंचे SP अमन कुमार ने स्थिति का जायजा लेते हुए घायल आरोपी से गिरोह के नेटवर्क, छिपे हुए हथियारों और गैंग के बाकी सदस्यों के संभावित ठिकानों के बारे में अहम जानकारियां जुटाईं। पुलिस ने साफ किया है कि राहुल दुबे गैंग के बाकी फरार सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।


