
Chatra: चतरा सदर अस्पताल में मरीजों से अल्ट्रासाउंड जांच के नाम पर अवैध पैसे ऐंठने का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसके बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक अफरातफरी का माहौल रहा। रुकसाना अंसारी समेत कई महिला मरीजों ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि सरकारी नियमानुसार राशन कार्ड और अन्य सभी वैलिड दस्तावेज दिखाने के बावजूद काउंटर पर उनसे 480 रुपये से लेकर 680 रुपये तक जबरन वसूले जा रहे थे। जब मरीजों ने इसका विरोध किया और मुफ्त सेवा की बात कही, तो काउंटर पर बैठे कर्मचारियों ने बदमिजाजी करते हुए सीधे DC तक से शिकायत करने की खुली चुनौती दे डाली। इसके बाद मरीजों और उनके तीमारदारों का सब्र टूट गया और उन्होंने मौके पर ही हंगामा शुरू कर दिया।
वेतन न मिलने का बहाना
हंगामे की स्थिति बढ़ने पर आरोपी कर्मियों ने अपने बचाव में अजीबोगरीब दलील पेश की। कर्मचारियों का कहना था कि एजेंसी की तरफ से उन्हें पिछले डेढ़ साल से सैलरी नहीं दी गई है, जिसके चलते वे कंपनी के निर्देश पर ही पैसे लेकर मरीजों का अल्ट्रासाउंड कर रहे थे। हालांकि सरकारी अस्पताल में गरीब और जरूरतमंद मरीजों से इस तरह सरेआम वसूली करने और उन्हें इलाज के नाम पर परेशान करने को लेकर लोगों में गहरा आक्रोश फैल गया।

Civil Surgeon ने कराया रिफंड
अस्पताल में बढ़ते हंगामे और विरोध की सूचना मिलते ही Civil Surgeon सत्येंद्र सिन्हा तुरंत मौके पर पहुंचे और मामले की कमान संभाली। उन्होंने स्थिति को शांत कराते हुए मामले में त्वरित हस्तक्षेप किया और अपनी मौजूदगी में सभी पीड़ित मरीजों के अवैध रूप से लिए गए पैसे तुरंत वापस करवाए। Civil Surgeon के ऑन-द-स्पॉट एक्शन के बाद मरीजों को राहत तो मिल गई, लेकिन सरकारी अस्पताल परिसर में इस तरह प्राइवेट एजेंसी के कर्मचारियों द्वारा नियमों की धज्जियां उड़ाने को लेकर अब भी प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।


