
Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिले के बड़ाजामदा OP क्षेत्र अंतर्गत टंकुरा बस्ती के बुरमा टोली में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब जंगल से सटे एक खेत में हथिनी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। सुबह-सवेरे खेत में हथिनी का शव पड़े होने की खबर फैलते ही आसपास के इलाकों से भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। इस दुखद घटना के बाद से स्थानीय लोगों में वन विभाग की सुस्त कार्यप्रणाली को लेकर गहरा आक्रोश देखा जा रहा है और पूरे इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।
वन विभाग पर लापरवाही
स्थानीय ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि इलाके में करीब 200 हाथियों का विशाल झुंड घुस आया था, जिसकी फौरी सूचना वन विभाग को रात में ही दे दी गई थी। इसके बावजूद विभाग की कोई भी क्विक रिस्पॉन्स टीम या अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने पूरी रात अपनी जान जोखिम में डालकर हाथियों के झुंड को आबादी वाले क्षेत्र से खदेड़ा। सुबह होते ही जब खेत में हथिनी की लाश मिली, तो ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे गया और उन्होंने वन विभाग के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई।

DFO ने भेजी टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए चाईबासा DFO आदित्य नारायण ने हथिनी की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के वरीय अधिकारियों और वेटनरी एक्सपर्ट्स की मेडिकल टीम को तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया है। DFO के अनुसार हथिनी के शव का विधिवत पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल वन अमला मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल और ग्रामीणों को शांत कराने में जुटा है।


