
Deoghar: देवघर के नगर थाना क्षेत्र स्थित देव संघ नवदुर्गा मंदिर के पीछे अहले सुबह करीब पांच बजे उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक अवैध रूप से संचालित नेल पॉलिश फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। फैक्ट्री में भारी मात्रा में रखे केमिकल के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया, जिससे आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की चार दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और लगातार करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।
संचालक फोन बंद कर हुआ फरार
आग लगने की घटना के तुरंत बाद फैक्ट्री संचालक अपना मोबाइल फोन स्विच ऑफ कर मौके से फरार हो गया। संचालक के अचानक गायब हो जाने से फैक्ट्री के अवैध संचालन, सुरक्षा मानकों की अनदेखी और वहां भारी मात्रा में केमिकल के अनधिकृत भंडारण को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल प्रशासन और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।



