
Chatra: चतरा जिले में नौकरी का लालच देकर सीधे-सादे लोगों के बैंक खाते, पासबुक, ATM और SIM कार्ड हड़पकर साइबर अपराध को अंजाम देने वाले एक बड़े अंतरजिला गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। 2 नवंबर 2026 को सदर थाने में मिली शिकायत के बाद SP के निर्देश पर एक स्पेशल पुलिस टीम बनाई गई। थाना प्रभारी अनिल उरांव की अगुवाई में पुलिस टीम ने त्वरित एक्शन लेते हुए विभिन्न ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की और इस हाईटेक फ्रॉड नेटवर्क से जुड़े 5 शातिर ठगों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों में चतरा के मनीष कुमार और ईटखोरी के दीपक कुमार पासवान के अलावा धनबाद के मुस्कान प्रवीण व इमामुल अंसारी और बोकारो का सोनू कुमार शामिल हैं।
नकदी और गाड़ियां बरामद
पुलिस ने इन शातिर आरोपियों की निशानदेही पर भारी मात्रा में अवैध सामान और डिजिटल गैजेट्स जब्त किए हैं। बरामद सामानों में 3,70,000 रुपये कैश, विभिन्न बैंकों के 15 ATM कार्ड, 8 Android मोबाइल फोन, 4 SIM कार्ड, एक सोने की चेन और 3 रिस्ट वॉच शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस ने अपराध के पैसों से इस्तेमाल की जा रही एक ब्लैक Swift कार और एक Bullet मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है। पूछताछ में सामने आया है कि यह गिरोह जरूरतमंद युवाओं को फर्जी जॉब का झांसा देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाता था और फिर उन खातों का इस्तेमाल देशव्यापी साइबर ठगी के पैसों के ट्रांजैक्शन और लेयरिंग के लिए करता था।

सिंडिकेट पर शिकंजा जारी
थाना प्रभारी अनिल उरांव और उनकी टीम की इस त्वरित कार्रवाई से अंतरजिला साइबर सिंडिकेट की रीढ़ टूट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह गिरोह झारखंड के अलग-अलग जिलों में भोले-भाले लोगों को आसान शिकार बनाकर साइबर अपराध का सेफ नेटवर्क खड़ा कर रहा था। पकड़े गए सभी आरोपियों से खातों के लेन-देन, कमीशन और म्यूल अकाउंट्स के पूरे नेटवर्क को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस टीम अब इस साइबर नेक्सस के अन्य फरार साथियों और बैकवर्ड लिंक्स की तलाश में कई जगहों पर लगातार छापेमारी कर रही है।


