
Giridih News: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना परिसर में महिला के साथ कथित दुष्कर्म की वारदात को लेकर गिरिडीह में भी सियासी पारा चढ़ गया है। रविवार की देर शाम गिरिडीह BJP महिला मोर्चा ने हेमंत सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। शहर के व्यस्ततम गांधी चौक पर बड़ी तादाद में महिला मोर्चा की कार्यकर्ता जुटीं और राज्य सरकार की लचर कार्यप्रणाली के खिलाफ नारेबाजी करते हुए CM हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया।
महिला कार्यकर्ताओं का जुटान
उषा कुमारी के नेतृत्व में आयोजित इस पुतला दहन कार्यक्रम में शालिनी वैशाखीयार, संगीता सेठ, संजू देवी, मीना गुप्ता, बबली साहू, पिंकी, डॉली पाठक, सोनिया शर्मा, पूनम सिन्हा और अंजना मिश्रा समेत काफी संख्या में BJP महिला मोर्चा की कार्यकर्ता शामिल हुईं। हाथों में CM का पुतला लेकर प्रदर्शनकारी महिलाओं ने सरकार की नीतियों के खिलाफ अपना तीखा आक्रोश जाहिर किया और पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवाज बुलंद की।

कानून व्यवस्था पर सवाल
प्रदर्शन के दौरान महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने CM हेमंत सोरेन पर सीधा हमला बोलते हुए उन्हें राज्य चलाने में पूरी तरह नाकाम करार दिया। नेताओं ने कहा कि पूरे सूबे में अराजकता चरम पर पहुंच चुकी है और हालात इतने बेकाबू हो चुके हैं कि थानों के भीतर ही महिलाओं के साथ दरिंदगी हो रही है। उन्होंने साफ लहजे में कहा कि जब पुलिस स्टेशन की चारदीवारी ही सुरक्षित नहीं बची है, तो आम जनता की हिफाजत की उम्मीद किससे की जाए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


