
Godda News: गोड्डा जिले के ललमटिया थाना क्षेत्र अंतर्गत डहुआ गांव में 12 वर्षीय बच्ची सोना मुनी मरांडी उर्फ नीतू मरांडी की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। बच्ची का सिर धड़ से अलग कर शव को फेंक दिया गया था। पुलिस जांच में सामने आया कि इस हत्याकांड को अंजाम देने वाला कोई और नहीं, बल्कि बच्ची का रिश्ते में बहनोई लगने वाला 26 वर्षीय मनोज मुर्मू है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
धान के खेत से बरामद हुआ था बच्ची का कटा हुआ सिर


ललमटिया थाना क्षेत्र के डहुआ गांव में 5 नवंबर की अहले सुबह करीब तीन बजे पुलिस को एक बच्ची का सिर कटा शव मिलने की सूचना मिली थी। परिजनों के बयान पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर तफ्तीश शुरू की। एसपी के निर्देश पर महागामा एसडीपीओ वरुण रजक के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) गठित किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल की सघन तलाशी ली, जहां शव मिलने के स्थान से करीब आधा किलोमीटर दूर एक धान के खेत से बच्ची का कटा हुआ सिर बरामद किया गया।
पारिवारिक विवाद में साली की हत्या, आरोपी ने कबूला जुर्म
वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस की जांच 26 वर्षीय मनोज मुर्मू पर केंद्रित हुई। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या में अपनी सीधी संलिप्तता स्वीकार कर ली। पुलिस के अनुसार, मृतका की मंझली बहन सोजा मरांडी और आरोपी मनोज मुर्मू के बीच पिछले दो-तीन वर्षों से विवाद चल रहा था। इसी पुरानी रंजिश और बदले की भावना से आरोपी ने मंझली बहन के विवाद का बदला लेने के लिए 12 साल की मासूम छोटी बहन को निशाना बनाया और उसकी हत्या कर दी।
हत्या में प्रयुक्त हथियार और साक्ष्य बरामद
महागामा एसडीपीओ वरुण रजक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार (दबिया), साइकिल, मोबाइल फोन और घटना के वक्त पहने गए कपड़े बरामद कर लिए गए हैं। इसके अतिरिक्त फॉरेंसिक जांच के लिए घटनास्थल से खून से सनी मिट्टी भी जब्त की गई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी कर ली है।


