
Godda News: गोड्डा के पथरगामा में निर्माणाधीन नए अस्पताल से रात के अंधेरे में 48 कॉपर ऑक्सीजन पाइप चोरी कर लिए गए। घटना 4 नवंबर की रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने इस चोरी के अलावा आयुष्मान आरोग्य मंदिर और परसपानी पंचायत भवन के पास स्थित एक कपड़े की दुकान में भी चोरी करने की बात स्वीकार की है।
रामनगर से पकड़े गए तीनों आरोपी
इस मामले में समीर गोस्वामी ने पथरगामा थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कांड संख्या 115/26 दर्ज कर जांच शुरू की। इसके बाद सचीन यादव उर्फ ऋषि यादव (26), रंजन राय उर्फ रंजन राज उर्फ बोलू (28) और बन्टी कुमार (24) को गिरफ्तार किया गया। तीनों गोड्डा नगर थाना क्षेत्र के रामनगर के रहने वाले हैं।

पूछताछ में दो और चोरी की बात बताई
गोड्डा पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में नए अस्पताल से पाइप चोरी करने के साथ-साथ आयुष्मान आरोग्य मंदिर और परसपानी पंचायत भवन के पास कपड़े की दुकान में चोरी करने की बात भी बताई है। हालांकि, इन दोनों घटनाओं में चोरी हुए सामान का विवरण प्रेस विज्ञप्ति में नहीं दिया गया है।
दो आरोपियों के खिलाफ पहले से दर्ज हैं मामले
पुलिस के अनुसार, सचीन यादव उर्फ ऋषि यादव के खिलाफ गोड्डा नगर थाना में वर्ष 2022 में NDPS Act के तहत मामला दर्ज है। वहीं रंजन राय उर्फ रंजन राज उर्फ बोलू के खिलाफ भी उसी साल NDPS Act और वर्ष 2021 में गोड्डा मुफस्सिल थाना में डकैती से जुड़ा मामला दर्ज होने की जानकारी दी गई है।
48 कॉपर पाइप बरामद, न्यायिक हिरासत में भेजे जाएंगे आरोपी
पुलिस ने चोरी हुए 48 कॉपर ऑक्सीजन पाइप के छोटे टुकड़े बरामद किए हैं। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। छापेमारी टीम में पथरगामा पुलिस निरीक्षक बीरेन्द्र पासवान, थाना प्रभारी कृष्णा कुमार साह समेत थाने के अन्य पुलिस पदाधिकारी और रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे।


