
Naxatra Digital Desk: “आप तो मेरे घर के चोर को भी नहीं पकड़ पाए… मुझे बदनाम करने वालों पर भी कोई कार्रवाई नहीं की… आप यही देखना चाहते थे न? अगर यही देखना चाहते थे, तो यही सही… मेरा लाइव चल रहा है, मैं फांसी लगा रही हूं, अपनी लीला समाप्त कर रही हूं…” यह कोई फिल्मी डायलॉग नहीं, बल्कि मौत को गले लगाने से ठीक पहले एक बेबस आदिवासी बेटी द्वारा पिठोरिया थाना प्रभारी सतीश कुमार पांडेय को फोन पर कहे गए वे आखिरी शब्द हैं, जिसने पूरे पुलिस महकमे की संवेदनशीलता को कठघरे में खड़ा कर दिया है। सवाल यह है कि जब एक चर्चित जन-आंदोलनकारी महिला थानेदार को सीधे कॉल कर यह बता रही थी कि वह फंदे पर झूलने जा रही है, जब वह थाने से महज कुछ ही दूरी पर मौजूद अपने किराये के मकान में घिरी बैठी थी, तो खाकी वर्दी ने उसे बचाने के लिए जमीन-आसमान एक क्यों नहीं किया? घटना के इतने दिन बीत जाने और पूरे मामले में पुलिस की खुली लापरवाही सामने आने के बावजूद अब तक पिठोरिया थाना प्रभारी के खिलाफ कोई प्रशासनिक या दंडात्मक कार्रवाई क्यों नहीं हुई?


मैं जान दे रही हूं…, चीखती रही निशा, थानेदार बुलाते रहे थाने
सामने आई जानकारी के अनुसार, आत्मघाती कदम उठाने से ठीक पहले निशा भगत और पिठोरिया थाना प्रभारी सतीश कुमार पांडेय के बीच फोन पर सीधी बातचीत हुई थी। निशा बेहद तनाव और घबराहट में थीं। उन्होंने फोन पर साफ शब्दों में अपनी प्रताड़ना, पुलिस की विफलता और आत्महत्या के इरादे का ऐलान किया। निशा ने लाचारी जताते हुए कहा कि वे लोग उन्हें अपने पास बुला रहे हैं, इसलिए थाना प्रभारी खुद एक बार उनके पास आ जाएं। लेकिन हैरान करने वाली बात यह रही कि इतनी गंभीर चेतावनी और इमरजेंसी के बावजूद थाना प्रभारी मौके पर दौड़ने या फौरन पुलिस वैन भेजने के बजाय निशा को ही ‘थाने आने’ की नसीहत देते रहे। अगर पुलिस चाहती तो कॉल पर बातचीत में निशा को उलझाकर रख सकती थी और चंद मिनटों में थाने से फोर्स भेजकर उस बंद दरवाजे को तोड़कर एक अनमोल जिंदगी बचाई जा सकती थी। इस बुनियादी चूक ने अब खाकी के इकबाल पर सबसे बड़ा सवालिया निशान लगा दिया है।

थाने से चंद दूरी पर था मकान, फिर क्यों नहीं पहुंची पीसीआर?
पिठोरिया चौक और थाने से निशा भगत का किराये का मकान कोई मीलों दूर जंगल में नहीं था। स्थानीय लोगों के अनुसार यह दूरी महज कुछ मिनटों की थी। पुलिस के पास गाड़ियां थीं, वायरलेस था और क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) का तामझाम था, फिर भी फोन कॉल के दौरान किसी पुलिसकर्मी को तत्काल मौके पर क्यों नहीं रवाना किया गया? क्या पुलिस को यह अहसास नहीं हुआ कि कोई इंसान जब फांसी लगाने की बात कह रहा हो, तो वह खुद चलकर थाने नहीं आ सकता? आपातकालीन परिस्थितियों में जहां एक-एक सेकंड कीमती होता है, वहां पुलिस का यह ठंडा और गैर-जिम्मेदाराना रवैया सीधे तौर पर कर्तव्य में घोर लापरवाही की ओर इशारा कर रहा है।

आंसुओं के बीच जमीन दलालों और सिस्टम पर वार
शुक्रवार को फांसी के फंदे से झूलने से पहले निशा भगत दो बार सोशल मीडिया पर लाइव आईं। सुबह 11 बजे पहली बार लाइव आकर उन्होंने अपनी संभावित मौत के लिए सीधे पुलिस-प्रशासन को कटघरे में खड़ा किया और अपनी पुरानी रैलियों व जन-संघर्षों के वीडियो साझा किए। इसके बाद दोपहर करीब एक बजे वह दोबारा लाइव हुईं। इस वीडियो में निशा के आंसू नहीं थम रहे थे। रोते-बिलखते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि जमीन के काले कारोबार से जुड़े दलाल और प्रशासनिक तंत्र के लोग मिलकर उन्हें लगातार मानसिक और सामाजिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। उनका आरोप था कि उनके खिलाफ सुनियोजित तरीके से दुष्प्रचार कर चरित्र हनन किया गया। इस मार्मिक लाइव के कुछ ही देर बाद कमरे में उनकी लाश लटकती मिली।
पिता ने दी नामजद तहरीर, अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा पर हत्या की साजिश का आरोप
निशा की मौत के बाद उनके पिता हंदू भगत ने पिठोरिया थाने में लिखित आवेदन देकर इसे सामान्य खुदकुशी मानने से साफ इनकार किया है। सब-इंस्पेक्टर सुनील कुमार दास द्वारा रिसीव किए गए इस आवेदन में पिता ने इसे सुनियोजित षड्यंत्र के तहत की गई हत्या करार दिया है। पिता ने केंद्रीय सरना समिति के अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा समेत अन्य लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। आरोप है कि जमीन कारोबार से जुड़े लोगों और इन रसूखदारों ने निशा को मानसिक रूप से इस कदर तोड़ दिया था कि उसका जीना दूभर हो गया था। पिता ने मांग की है कि निशा के आखिरी फेसबुक लाइव और उसमें लिए गए नामों को आधार बनाकर हत्या और उकसावे की धाराओं में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
नगड़ी चेकपोस्ट पर चक्का जाम, नेताओं का जमावड़ा और CBI जांच की गूंज
गुमला की माटी से निकलकर 2024 में जेएलकेएम के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ने वाली और सरना-सनातन व धर्मांतरण के खिलाफ मुखर रहने वाली युवा नेत्री की मौत से जनता का आक्रोश भड़क उठा है। युवाओं ने रांची के नगड़ी चेकपोस्ट पर सड़क जाम कर घंटों प्रदर्शन किया और मामले की सीबीआई (CBI) जांच की मांग उठाई। उधर रिम्स मोर्चरी में पोस्टमार्टम के दौरान नेताओं का तांता लगा रहा। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, जेएलकेएम नेता देवेंद्र महतो, पूर्व सांसद सुबोधकांत सहाय और मेयर रोशनी खलखो ने परिजनों से मिलकर ढांढस बंधाया और सरकार से निष्पक्ष जांच की मांग की।
ग्रामीण SP गौरव गोस्वामी और मुख्यालय DSP अमर पांडेय के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम और एफएसएल (FSL) ने घटनास्थल से कई साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि घर के आसपास से शराब की कुछ खाली बोतलें भी मिली हैं, जिसकी जांच की जा रही है।
लेकिन इन सबके बीच सबसे बड़ा सवाल अब भी अनुत्तरित है, आखिरी फोन कॉल पर निशा की चीखें सुनने के बाद भी हाथ पर हाथ धरे बैठे रहने वाले पिठोरिया थाना प्रभारी पर विभागीय कार्रवाई कब होगी? क्या झारखंड में किसी फरियादी की अंतिम पुकार को नजरअंदाज करना अब पुलिस की ड्यूटी का हिस्सा बन चुका है?


