
Giridih: गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र अंतर्गत बगोदर-सरिया मुख्य मार्ग पर दोंदलो तीन माइल के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। एक तेज रफ्तार बालू लदे ट्रैक्टर ने सामने से आ रहे ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार 13 साल के किशोर मोहित कुमार की जान चली गई, जबकि ऑटो में सवार दो महिलाएं गंभीर रूप से जख्मी हो गईं। अचानक हुए इस हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण तुरंत बचाव के लिए दौड़े।


घायलों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वाले किशोर की पहचान दोंदलो निवासी अजय कुमार दास के 13 वर्षीय बेटे मोहित कुमार के रूप में की गई है। वहीं दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल महिलाओं में खम्भरा निवासी रोहित दास की पत्नी अनिता देवी और तुलसी पासवान की 22 वर्षीय बेटी रीना देवी शामिल हैं। स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से दोनों गंभीर रूप से घायल महिलाओं को तत्काल बगोदर ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।
परिजनों में मचा कोहराम
दुर्घटना की मनहूस खबर मिलते ही मृतक किशोर के परिजन बदहवास होकर बगोदर ट्रामा सेंटर पहुंचे, जिससे पूरे अस्पताल परिसर में मातम पसर गया और परिजनों के रोने-बिलखने से माहौल गमगीन हो गया। घटना की सूचना पाकर कई सामाजिक कार्यकर्ता भी ट्रामा सेंटर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया। स्थानीय लोगों ने मुख्य सड़क पर अवैध बालू ढोने वाले बेलगाम और तेज रफ्तार ट्रैक्टरों के बढ़ते आतंक पर गहरा आक्रोश जताया है और प्रशासन से इन पर तत्काल नकेल कसने की मांग की है।


